वाराणसी में कोरोना: 30 बच्चों समेत 634 मिले कोविड पॉजिटिव, संक्रमण दर में गिरावट जारी, स्वस्थ हुए 1023 मरीज
वाराणसी में कोरोना के मामले अब कम होने लगे हैं। बुधवार को 30 बच्चों के साथ 634 लोग संक्रमित जरूर मिले लेकिन 1023 लोग स्वस्थ भी हुए। संक्रमण दर आठ प्रतिशत से भी कम हो गया है।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमण दर अब घटने लगा है। बुधवार को संक्रमण दर सात प्रतिशत से ऊपर रहा जो दो दिन पहले तक 10 से ऊपर पहुंच गया था। मंगलवार को 606 मरीजों के संक्रमित होने के बाद बुधवार को बीएचयू अस्पताल में डॉक्टर, बरेका में रेल कर्मचारी समेत 634 नए मरीज मिले।
संक्रमितों में व्यापारी, छात्र और 100 से अधिक महिलाओं और 18 साल से कम उम्र के 30 बच्चे भी शामिल हैं। इसमें दो मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इधर होम आईसोलेशन में सर्वाधिक 1015 लोग स्वस्थ हुए जबकि अस्पताल में भर्ती आठ लोगों को डिस्चार्ज किया गया।
पिछले चार दिन में मिले 2500 से अधिक मरीज
कोरोना की तीसरी लहर में पिछले चार दिन में ही अब तक 2500 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। इधर शासन के निर्देशानुसार संक्रमित होने के बाद सात दिन में संबंधित मरीज को स्वस्थ मान लिया जा रहा है। इसमें अगर वह स्वस्थ है तो उन्हें निगेटिव जांच भी करानी नहीं पड़ रही है।
पढ़ेंः वैक्सीन लगवाने का ऐसा डर: नाविक ने टीका लगाने गए स्वास्थ्यकर्मी को उठाकर पटका, दूसरा पेड़ पर चढ़ा, देखें वायरल VIDEO
बुधवार को मिली 7993 सैंपल की रिपोर्ट में 634 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिस तरह से हर दिन 100 से 150 महिलाएं संक्रमित हो रही है, उसको देखते हुए चिकित्सक भी ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। अब तीसरी लहर में कुल 6978 संक्रमितों में 2827 के डिस्चार्ज होने के बाद 4151 एक्टिव मरीज हैं।
संक्रमण दर पहुंचा 7.93, रिकवरी रेट हुआ 40.51
वाराणसी में कोरोना का संक्रमण दर इस समय पिछले एक सप्ताह से 6 से 8 प्रतिशत तक बना हुआ है। हालांकि होम आईसोलेशन में स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है, इस वजह से रिकवरी रेट भी अब 40.51 तक पहुंच गया है। इसमें मंगलवार को जिले का रिकवरी रेट 28.44 प्रतिशत रहा। हालांकि अभी भी 4151 एक्टिव मरीज जिले में हैं। बस राहत की बात यह है कि कुल 18 मरीजों का ही इलाज चल रहा है और अब भी 424 बेड खाली है।
39485 लोगों ने लगवाया कोरोना का टीका
जिले में शहरी और ग्रामीण इलाकों में बुधवार को 39485 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। इसमें 15 से 18 साल तक के 4245 किशोर और 1271 लोगों ने प्रीकॉशनरी डोज लगवाई। इस दौरान केंद्रों पर लोगों को टीकाकरण के बाद भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि बुधवार को लगे 39485 टीकों में 12,679 लोगों को पहली और 25,635 लोगों को लगी दूसरी डोज लगाई गई है। अब तक जिले में कुल 50,49,026 कोरोना डोज लगाई जा चुकी हैं।