अलर्ट: ब्रिटेन से बनारस आई छह साल की बच्ची मिली कोरोना संक्रमित, जिले में 3 एक्टिव केस, जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट का इंतजार
अभी 15 दिसंबर को ही वाराणसी कोरोना मुक्त हुआ था कि शनिवार को जिले में कोरोना के तीन और नए मामले मिल गए। इसके कारण स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है।
विस्तार
ब्रिटेन से बनारस आई छह साल की बच्ची में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। महमूरगंज निवासी बच्ची का सैंपल लेकर उसे जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट का इंतजार है। बच्ची के संपर्क में आने वाले 12 लोगों का सैंपल लिया गया है।
इसके अलावा मीरापुर बसहीं में 11 साल की बच्ची और 68 साल के पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन दोनाें की भी जीनोम सीक्वेंसिंग केजीएमयू में कराई जा रही है। कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन के मरीज देश में जिस तरह से मिल रहे हैं, उसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
15 दिसंबर को बनारस हुआ था कोरोना मुक्त
चिकित्सक भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दे रहे हैं। 15 दिसंबर को ही काशी कोरोना मुक्त हुई थी। शनिवार को आलोक नगर मीरापुर बसही निवासी 11 साल की बच्ची और 68 साल के पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जानकारी मिलने के बाद घर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों के संपर्क में आने वाले 34 लोगों का सैंपल लिया।
पढ़ेंः कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को मॉकड्रिल: वाराणसी के कोविड अस्पतालों में पहुंचे संक्रमित मरीज, तुरंत मिला इलाज
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि मीरापुर बसही के दोनों मरीज लखनऊ में इलाज कराने गए एक परिजन के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए हैं। इधर, शनिवार को जिले में अस्पतालों, एयरपोर्ट सहित अन्य जगहों से कुल 5910 लोगों का सैंपल लिया गया। 5791 की रिपोर्ट मिली है। अब कुल 82,408 मरीजों में 81,632 डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, 773 की मौत के बाद तीन एक्टिव मरीज हैं।
पल्स पोलियो की तर्ज पर कल से घर-घर होगा टीकाकरण
कोरोना टीकाकरण अब पल्स पोलियो की तर्ज पर होगा। इसके लिए आशा, एएनएम सोमवार से डोर टू डोर पहुंचकर लोगों को टीका लगाएंगी। इसमें जिन लोगों को एक भी डोज नहीं लगी है, उनके घर क्रास का निशान लगाने के साथ ही उन्हें पहली डोज लगाई जाएगी। सीएमओ की ओर से इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
कोरोना टीकाकरण के लिए 16 जनवरी से चल रहे अभियान में 18 दिसंबर तक 4194452 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इसमें 2683410 को पहली और 1511042 को दूसरी डोज लगाई गई है। जिले में 18 साल से उपर के करीब 29 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है, इसमें भी करीब दो लाख लोग अभी ऐसे हैं, जिन्हें एक भी डोज नहीं लगी है। ऐसे में अब सोमवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा।