वाराणसी में सीएम योगी: समीक्षा बैठक में बोले- दीपावली से पहले सड़कों को करें गड्ढामुक्त, संक्रामक रोगों के रोकथाम की बनाएं प्लान
वाराणसी में सीएम योगी ने विकास कार्यो की समीक्षा बैठक की। सड़कों को गड्ढामुक्त करने और डेंगू, चिकनगुनिया सहित संक्रामक रोगों के रोकथाम की कार्ययोजना बनाकर काम करने का निर्देश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा बैठक की। उन्होंने दीपावली से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया और कहा सभी विभाग अपनी-अपनी सड़कों का सर्वे कर प्लान बना लें। इसके साथ ही सीएम ने गंगा के जलस्तर पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि डेंगू, चिकनगुनिया सहित संक्रामक रोगों के रोकथाम की कार्ययोजना बनाकर काम करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि फीवर ट्रैकिंग कर डेंगू व अन्य संक्रामक रोगों के नियंत्रण के लिए सघन पर्यवेक्षण व विशेष स्वच्छता कार्य, टेस्टिंग, इलाज, बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम शहर से गांव तक चलाएं।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में बाढ़ पर बेहतर नियंत्रण प्रबंधन किया गया, जिसके फलस्वरूप जनधन हानि बहुत कम रही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि पर्यटकों को और अधिक आकर्षित करने व काशी में सुखद अनुभूति के कार्यों के और प्रस्ताव आमजन से संवाद के साथ तैयार करें।
542 सड़कों पर 900 किलोमीटर पैच वर्क की कार्ययोजना
उन्होंने कहा, मेरठ से प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे बड़ी सुविधाजनक परियोजना है। इससे पूर्व में लगने वाले समय से आधा समय इस एक्सप्रेस वे पर मेरठ से प्रयागराज तक लगेगा। काशी में फोरलेन का जाल बिछ गया है। दशकों से पार्किंग की समस्या भी पार्किंग स्थलों से दूर होगी। खिड़कियां घाट, दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया से दशाश्वमेध, गोदौलिया मार्ग, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजना को समय से पूरा कराएं।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न विभागों ने 542 सड़कों पर 900 किलोमीटर पैच वर्क की कार्ययोजना बना ली है। जिस पर 17 करोड़ 68 लाख रुपए व्यय आएगा। डेंगू की 124 कंफर्म केस पाए गए, जिनका इलाज हुआ। वर्तमान में भी काफी में 8871.27 करोड़ रुपए की 117 प्रमुख परियोजनाएं संचालित है। इस दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सीएम योगी ने मल्टीलेवल पार्किंग का किया निरीक्षण
वाराणसी में सड़कों की हालत बहुत खराब
वाराणसी शहर की सड़कों की हालत बहुत खराब हो गई है। सड़कों पर गिट्टियों के उखड़ने से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसकी वजह से लोगों का सड़कों पर गाड़ी लेकर चलना मुश्किल हो गया है। मूकदर्शक बने अधिकारियों की वजह से ही खराब सड़कों की मरम्मत नहीं हो पा रही है।
शहर में आकाशवाणी तिराहे से सिगरा चौराहा, बरेका पेट्रोल पंप से मंडुआडीह स्टेशन के बीच और सांस्कृतिक संकुल से चौकाघाट के बीच की सड़कों पर बने गड्ढे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। पहले से ही क्षतिग्रस्त सड़कें बीते दिनों हुई बारिश के बाद से अब और खराब हो गई हैं। बीते सप्ताह समीक्षा बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश भी प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी और कमिश्नर ने दिया था। बावजूद इसका असर कहीं नही दिख रहा।