चैत्र नवरात्रि: विंध्य धाम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लगाई हाजिरी, पत्नी के साथ किया गुप्त अनुष्ठान
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चैत्र नवरात्र के पहले दिन मां विंध्यवासिनी के दरबार में मत्था टेका। इससे पहले उन्होंने वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार में दोबारा उप मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार केशव प्रसाद मौर्य विंध्याचल पहुंचे। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान पूर्वक दर्शन-पूजन किया।
इसके पूर्व मंदिर की छत पर उन्होंने पत्नी के साथ गुप्त अनुष्ठान भी किया। डिप्टी सीएम ने मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवी देवताओं को चरण स्पर्श करते हुए हवन कुंड में हवन-पूजन आहूति डाली। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं बहुत ही सौभाग्यशाली हूं कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन का मौका मिला।
डिप्टी सीएम को मां विंध्यवासिनी का चित्र एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचे थे। सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं संग बैठक की थी।
शनिवार अलसुबह काशी विश्वनाथ धाम और कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किए। इन दोनों मंदिरों में पूजन के बाद वो मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए मिर्जापुर पहुंचे। जहां से वो प्रयागराज जाने के लिए रवाना हो गए।
जहां जरूरत होगी वहां चलेगा बुलडोजर
बनारस पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए कहा कि जैसा अपराधी होगा, वैसी ही कार्रवाई की जाएगी। जहां जरूरत होगी वहां बुलडोजर भी चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूर्व मंत्री शिवपाल यादव की मुलाकात पर कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। सबके लिए समान भाव रखते हैं। इस मुलाकात का भी कोई अलग अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने बनारस समेत कई जिलों में ऐसा प्रदर्शन किया है, जो पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है। कहा कि परिणाम से साफ हो गया है कि जनता ने विपक्ष को नकार दिया है। ढांचागत विकास और जन कल्याणकारी योजनाओं के दम पर भाजपा ने रिकॉर्ड जीत हासिल की। इस बड़ी जीत का श्रेय पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को जाता है।