Power Cut: वाराणसी कैंट स्टेशन की बिजली 21 घंटे ठप रही, पानी के लिए तरसे यात्री, परेशान रहे कर्मचारी
वाराणसी कैंट स्टेशन समेत अन्य क्षेत्र में सोमवार रात 11 बजे कटी बिजली मंगलवार रात आठ बजे बहाल हुई। हालांकि रेलवे प्रशासन ने जनरेटर के जरिए आवश्यक सेवाओं को बहाल रखने की कोशिश की, बावजूद यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लहरतारा में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान बिजली का केबल कटने से कैंट स्टेशन समेत अन्य क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 21 घंटे तक ठप रही। सोमवार रात 11 बजे कटी बिजली मंगलवार रात आठ बजे बहाल हुई। हालांकि रेलवे प्रशासन ने जनरेटर के जरिए आवश्यक सेवाओं को बहाल रखने की कोशिश की, बावजूद यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली केबल के मेन लाइन केबल में खराबी के चलते मंगलवार को कैंट स्टेशन और रेलवे कॉलोनी में आपर्ति ठप रही। स्टेशन पर सोलर लाइट और जनरेटर की मदद से आवश्यक सेवाओं को बहाल रखते हुए कर्मचारियों ने काम किया। लाइन कटौती के चलते टिकट काउंटर और रिजर्वेशन कार्य भी प्रभावित रहा।
नई बिल्डिंग में मुख्य लाइन से आपूर्ति बाधित होने के चलते कर्मचारी पंखा झलते पसीने से तरबतर होते रहे। बिजली न होने से कैंट रेल स्टेशन पर पानी की समस्या हुई। कर्मचारी डीके सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे अचानक बिजली चली गई। कटौती से लोग परेशान रहे। एडीआरएम लालजी चौधरी ने बताया कि बिजली कटौती से परेशानी हुई है लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था से काम चलाया गया है। कैंट स्टेशन के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि आवश्यक सेवाओं को बहाल रखा गया है। जनरेटर से आपूर्ति दी गई है।
रेलवे कॉलोनी में भी बिजली-पानी गुल
रेलवे कालोनी में बिजली पानी गुल हो गया। लहरतारा न्यू लोको कालोनी, एईएन कालोनीवासी पूरी रात और दिन गर्मी से परेशान हुए। रेलवे कालोनी निवासी शिवेंद्र ने बताया कि सोमवार रात में कटी बिजली मंगलवार को दिन भर नहीं आई। इसके चलते सर्वाधिक परेशानी पानी की हुई। नहाने से लेकर पीने के पानी के लिए दिनभर जद्दोजहद करना पड़ा।
शहर भर में बिजली व्यवस्था चरमराई,
बढ़ती गर्मी के बीच शहर से लेकर देहात तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लोकल फाल्ट के नाम पर घंटों कटौती की जा रही है। कहीं जंपर तो कहीं डियो उड़ने की समस्या लगी रही। लोकल फाल्ट के चलते तीन से चार घंटे तक कटौती हो रही है। इसके चलते लोग परेशान हो रहे हैं । मंगलवार को पहलुकापुरा में 33 केवी बिजली तार टूटने से केराकतपुर समेत करीब आधा दर्जन मुहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
एक्सईएन सप्तम सुनील यादव के मुताबिक डीपीएच-कैंट से तीन घंटे आपूर्ति बाधित हो गई। लहरतारा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में आई गड़बड़ी के चलते सिंधोरिया आदि मुहल्लों में 10.30 बजे से करीब 3 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि डीओ उड़ने से बचाने के लिए 15 मिनट की कटौती की गई। वहीं सुंदरपुर, राजेंद्र नगर, नगवां, तुलसी नगर आदि मुहल्लों में दिन चार से अधिक बार कटौती की गई। दो दिन मौसम की नरमी के बाद पारे में हुई बढ़ोतरी का असर बिजली की मांग पर पड़ा है।
एसी का धड़ल्ले से प्रयोग हो रहा है। इससे ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ा है। अचानक बढ़े लोड की मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिक बिजली खर्च करने वालों का लोड बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है।
दीपक अग्रवाल अधीक्षण अभियंता।