बसपा की ब्राह्मणों को साधने की तैयारी: वाराणसी में 17 अगस्त को होगा प्रबुद्ध सम्मेलन, सतीश चंद्र मिश्र करेंगे संबोधित
ब्राह्मण समाज को साधने के लिए बहुजन समाज पार्टी प्रबुद्ध सम्मेलन की तैयारी में जुट गई है। 17 अगस्त को होने वाले इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र होंगे।
विस्तार
आगामी विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण समाज को साधने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रबुद्ध सम्मेलन 17 अगस्त को वाराणसी में कचहरी स्थित एक वाटिका में होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र होंगे। राष्ट्रीय महासचिव के संबोधन के माध्यम से समाज को जागरूक करने काम करेंगे। प्रबुद्ध सम्मेलन को लेकर बसपा ने तैयारी शुरू कर दी है। इसे सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता विधानसभावार जनसंपर्क कर रहे हैं।
मुख्य जोन प्रभारी अवनीश कुमार के नेतृत्व में अजगरा विधानसभा के ब्राह्मण बाहुल्य इलाकों का दौरा कर लोगों को सम्मेलन में बुलाया जा रहा है। कचहरी में मेराज फारूकी जुग्गन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं से संपर्क कर कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा रहा है। पिंडरा विधानसभा में जिलाध्यक्ष नवीन भारत, कैंट में डाक्टर विनोद व कौशिक पांडेय, सेवापुरी में महेंद्र पांडेय, रोहनिया में मोहन राजभर को जनसंपर्क की जिम्मेदारी दी गई है।
सम्मेलन में जनपद के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक साथी उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में जिले भर के ब्राह्मण समाज के लोग जुटेंगे। इस समाज को अपने पाले में करने के लिए बसपा ने सक्रियता बढ़ाई है। बसपा पूर्व में भी इस प्रयोग को अपनाकर सरकार बना चुकी है।
पिछले दिनों बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने पूर्वांचल के कई जिलों का दौरा किया। बसपा की नीतियों को बताने व प्रदेश में समाज पर हुए अत्याचार को जनता के बीच उजागर करने के लिए सम्मेलन हो रहा है। तैयारियों के लिए पार्टी ने प्रमोद चौबे, सुबाष जैसल, पप्पू पांडेय, जय सिंह राजभर ,अमर नाथ चौबे, अबू बकर, कृष्णा दुबे, शमीम आजमी, राज बाबू, फिरोज को जिम्मेदारी सौंपी है।