प्रेमी-प्रेमिका पुलिस अभिरक्षा से फरार, दोनों को जयपुर से बरामद कर रांची ले जा रही थी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन से नई दिल्ली से रांची जाते समय रविवार की रात झारखंड पुलिस की अभिरक्षा से प्रेमी-प्रेमिका फरार हो गए। सीसीटीवी को देखने के बाद रांची पुलिस दोनों का पता लगाने के लिए वाराणसी चली गई। हालांकि जीआरपी में किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।
झारखंड की राजधानी रांची निवासी युवती कुछ दिन पहले लापता हो गई थी। युवती के परिवार वालों ने क्षेत्र के ही युवक विवेकानंद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में पुलिस को पता चला कि युवक-युवती जयपुर में हैं। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के जयपुर पहुंच कर विवेकानंद को हिरासत में ले लिया और युवती को भी साथ लेकर रांची के लिए चली।
दिल्ली पहुंच कर पुलिसकर्मी रांची गरीब रथ एक्सप्रेस के जी थ्री कोच में सवार हो गए। ट्रेन रात 1.10 बजे चंदौली के पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों को झपकी आ गई और मौका देख कर दोनों स्टेशन पर उतर कर भाग गए।
जानकारी होने पर पुलिसकर्मियों ने तलाश शुरू कर दी। जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचना दी। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे को खंगाला, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। झारखंड के पुलिस कर्मियों ने सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंच कर आटो रिक्शा, विक्रम, कार चालकों से पूछताछ की लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद पुलिसकर्मी जीआरपी में तहरीर दिए बिना दोनों की तलाश में वाराणसी निकल गए।
जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक आरके सिंह और रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू पोस्ट निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि अपहृत युवती और युवक के भागने की सूचना है लेकिन तहरीर नहीं मिली है।