UP Nikay Chunav: वाराणसी में BJP का नारा ट्रिपल इंजन सरकार, सपा-कांग्रेस समस्याओं को बनाएगी मुद्दा
वाराणसी में मेयर की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। भाजपा ने निकाय चुनाव में जीत के लिए ट्रिपल इंजन सरकार का नारा दिया है।
विस्तार
यूपी निकाय चुनाव के लिए सियासत जोर पकड़ रही है। वाराणसी में मेयर की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। भाजपा ने निकाय चुनाव में जीत के लिए ट्रिपल इंजन सरकार का नारा दिया है। सपा और कांग्रेस प्रत्याशी शहर की समस्याओं को मुद्दा बनाकर विजय रथ पर सवार होना चाहते हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भीषण गर्मी में जनसंपर्क अभियान जोर पकड़ रहा है। सुबह और शाम सभी प्रत्याशी घर-घर पहुंच रहे हैं। वाराणसी नगर निगम के मेयर प्रत्याशी जनता के बीच मुद्दों के साथ पहुंचने लगे हैं। भाजपा केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार के विकास योजनाओं के साथ ही निकाय में जीत के साथ ट्रिपल इंजन सरकार से सूरत बदलने का दावा कर रही है।
आने वाले दिनों में पार्टी के स्टार प्रचारक भी ट्रिपल इंजन सरकार का नारा देकर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास करेंगे। उधर, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस शहर में सीवर, दूषित पेयजल और साफ सफाई का मुद्दा गर्माने की कोशिश में है।
उनके प्रचार अभियान में इस बात पर भी जोर है कि मेयर की जीत-हार में प्रदेश व केंद्र सरकार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। ऐसे में दोनों ही पार्टी वाराणसी की स्थानीय समस्याओं को लेकर बदलाव की मांग कर रही है।
सोशल मीडिया पर नेताजी लगा रहे वोट की गुहार
वाट्सएप ग्रुप के जरिए प्रत्याशी अपनी बातों को लोगों तक पहुंचाकर सहानुभूति जुटा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सभी पार्टियों के प्रत्याशी सक्रिय हैं। ग्रुप पर जहां प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं तो वहीं मतदाता भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं को उजागर कर रहे हैं। एक वार्ड में अमूमन चार से सात प्रत्याशी हैं। सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने हिसाब से ग्रुप बनाया है। ग्रुप पर प्रत्याशियों की तरफ से विकास के खूब दावे किए जा रहे हैं। सभी पार्टियों की सोशल मीडिया सेल इस समय सक्रिय है।