बीएचयू अस्पताल में मरीजों को दिवाली का तोहफा, ओपीडी का पर्चा कटाने के लिए नहीं करना पड़ेगा इंतजार
सबसे अधिक राहत उन मरीजों को होगी जो दूर दराज से एक दिन पहले शाम को अस्पताल आ जाते थे और ओपीडी का पर्चा बनवाने के लिए भोर में ही लाइन लगाते थे। अस्पताल में दिवाली के एक दिन पहले मंगलवार से यह व्यवस्था शुरू हो गई लेकिन इसका औपचारिक शुभारंभ 15 नवंबर को होगा।
अस्पताल में बनारस और आसपास के जिलों के साथ ही हर दिन बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, नेपाल आदि जगहों से पांच हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। इसमें दूर से आने वाले मरीज एक दिन पहले ही शाम को आ जाते हैं और अगले दिन सुबह पर्चा कटाने के लिए 101 नंबर पर्चा काउंटर पर सुबह से ही लगनी शुरू हो जाती थी।
....लेकिन अब ऐसा नहीं होगा
नई व्यवस्था लागू होने के पीछे आयुष्मान भारत योजना से अस्पताल का जुड़ना माना जा रहा है। ऐसा इसलिए कि इसके मरीज अगर अस्पताल आए तो उन्हें इलाज में कोई असुविधा न हो। सर सुंदरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजयनाथ मिश्रा ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था शुरू हो गई है। इसके बाद लोगों को पर्चा काउंटर के बाहर सुबह लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। गोल्डेन कार्ड वाले मरीज भी नहीं भटकेंगे।