भदैनी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: एक लाख का इनामी विक्की व उसका भाई गिरफ्तार, पांच लोगों की हत्या का है आरोप
Varanasi Latest News : वाराणसी में पांच लोगों की हत्या का आरोपी विशाल गुप्ता उर्फ विक्की पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने तमाम प्रयासों के बाद भदैनी हत्याकांड के आरोपी एक लाख के इनामी को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदैनी हत्याकांड में तीन माह बाद गुरुवार को परिवार के ही दो सगे भाइयों को भेलूपुर थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लौटूबीर मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान एक लाख के इनामी बदमाश भदैनी के विशाल गुप्ता उर्फ विक्की और उसके छोटे भाई प्रशांत गुप्ता उर्फ जुगनू के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने से पहले विक्की अहमदाबाद में एप डेवलपर का काम करता था।
विक्की ने बताया कि वर्ष 1997 में उसके मां-बाप की हत्या उसके ताऊ राजेंद्र ने गोली मार कर की थी। ताऊ के असलहे से निकली गोली जुगनू को भी लगी थी। बचपन से ही दोनों भाइयों और उसकी बहन को घर में नौकर की तरह रखा जाता था। वर्ष 2022 में उसे ताऊ और उनके बड़े लड़के ने बहुत मारा था।
कई दिन तक घर में बंद रखा था। उसके बाद उसने घर छोड़ दिया था। फिर जुगनू के साथ ताऊ और उनके परिवार को खत्म करने की योजना बनाई थी। जुगनू ने वारदात को अंजाम नहीं दिया, लेकिन उसे सब कुछ पता था और वह हमेशा संपर्क में रह कर उसे पैसा देता रहा।
दोनों भाइयों के पास से पांच मोबाइल, पांच सिम, एयरटेल का डोंगल और 26 हजार रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में प्रयुक्त दो पिस्टल बरामद करने के लिए पुलिस जुगनू को अदालत की अनुमति से कस्टडी रिमांड पर लेगी।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी निवासी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, पत्नी नीतू, दो बेटे सुवेंद्र व नमनेंद्र और बेटी गौरांगी की गोली मार कर पांच नवंबर 2024 को हत्या कर दी गई थी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने कैंप ऑफिस में बताया कि घटना के खुलासे के लिए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल की देखरेख में सर्विलांस प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार यादव, एसओजी प्रभारी मनीष कुमार मिश्र और इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय नारायण मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पड़ताल के बाद जब पुष्टि हो गई कि विक्की ने ही वारदात को अंजाम दिया है तो पुलिस के अनुरोध पर अदालत ने उसे फरार घोषित किया। विक्की पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया।
सर्विलांस की मदद से सामने आया कि अपने घर में रहने वाला जुगनू फरार विक्की से इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी आईडी बना कर चैटिंग करता है। इसके लिए विक्की ने फर्जी नाम-पते पर सिम और डोंगल लिया था। जुगनू ही विक्की को खर्च के लिए पैसा पहुंचाने भी जाता था।
गुरुवार को दोनों भाइयों ने सीरगोवर्धनपुर में लौटूबीर मंदिर के समीप मिलना तय किया था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दोपहर 1:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि दोनों भाइयों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एक लाख रुपये का इनाम और प्रशस्ति पत्र दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.