आजमगढ़: 2027 में जहूराबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी में ओमप्रकाश राजभर, सीट बंटवारे पर बोले- अभी चर्चा नहीं
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव-2027 में एनडीए के सीट बंटवारे पर अधिसूचना के बाद फैसला होगा। उन्होंने 25 सीटों की मांग की चर्चाओं को अटकल बताते हुए अखिलेश यादव को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
विस्तार
आजमगढ़ के अतरौलिया में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए गठबंधन में विधानसभा चुनाव-2027 के लिए सीटों के बंटवारे पर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। सुभासपा की ओर से 25 सीटों की मांग किए जाने की चर्चाओं को उन्होंने महज अटकल बताया। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
राजभर ने बृहस्पतिवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि सुभासपा 2027 के विधानसभा चुनाव में विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों के साथ मैदान में उतरेगी। वह खुद अपनी परंपरागत सीट जहूराबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
अखिलेश को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने अखिलेश की ओर से 36 सीटों की सूची सार्वजनिक करने के दावे को राजनीतिक शगूफा बताया। गाजियाबाद जेल में बंद आजम खान से शिवपाल यादव की मुलाकात पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। कहा कि इससे समाजवादी पार्टी को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है।
स्कूल बंद होने के आरोपों को किया खारिज
प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद होने के विपक्ष के आरोपों को राजभर ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के बच्चों को नजदीकी स्कूलों में समायोजित किया जा रहा है।
विपक्ष के आरोपों को बताया निराधार
स्वास्थ्य विभाग की बदहाली, पुलिस पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने और छोटे व्यापारियों की परेशानी को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को भी उन्होंने निराधार बताया। राजभर ने कहा कि व्यापारी वर्ग संतुष्ट है और विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।