कोरोना से जंग हार गए डॉ. बृजेश, बीएचयू में निधन, कुछ घंटों पहले मां की भी हुई थी मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में कोरोना मरीजों की जांच, सेहत की निगरानी में लगा कोरोना योद्धा आखिर कोरोना से जंग हार गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजघाट की मोबाइल टीम के साथ सेवा देने वाले आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. बृजेश शर्मा का सोमवार देर रात बीएचयू में निधन हो गया।
तेरह दिन पहले ही वह कोरोना संक्रमित हुए थे। शुरू में उनका इलाज मंडलीय अस्पताल में चला। तबीयत बिगड़ने लगी तो उन्हें बीएचयू रेफर किया गया। यहां दो बार उनकी प्लाज्मा थेरेपी भी हुई। फिर भी सेहत में सुधार नहीं हुआ और जान गंवानी पड़ी। डॉ. बृजेश शर्मा की मां की भी दोपहर में मौत हो गई थी। मां भी बीमार चल रही थी।
मूलरूप से आजमगढ़ के मेहनगर निवासी डॉ. बृजेश कुमार शर्मा (50) स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित रैपिड रिस्पांस टीम में सेवा दे रहे थे। होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की सेहत की निगरानी के साथ ही समय-समय पर जांच आदि की जिम्मेदारी भी उन्होंने बखूबी निभाई। करीब 13 दिन पहले वह कोरोना संक्रमित हो गए। मंडलीय अस्पताल में 25 सितंबर को कमिश्नर दीपक अग्रवाल और डीएम कौशल राज शर्मा ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना था और बेहतर इलाज के निर्देश दिए थे। अगले दिन तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बीएचयू रेफर किया गया।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात डॉ. बृजेश शर्मा का निधन हो गया। इलाज के दौरान दो बार उनकी प्लाज्मा थेरेपी भी कराई गई थी। कोविड गाइडलाइन के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कराया गया। इधर, उनकी मौत की जानकारी होने पर चिकित्सकों ने दुख व्यक्त किया और कोरोना काल में उनकी सेवाओं को सराहा।
दिन में ही साथ छोड़कर चली गई थी मां
सोमवार रात बीएचयू में कोरोना की जंग हारने वाले आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश शर्मा की मां की भी दोपहर में मौत हो गई थी। मां भी बीमार चल रही थी। बताया जा रहा है कि आजमगढ़ में घर पर ही डा. बृजेश की मां की मौत के बाद सोमवार देर शाम वाराणसी में ही उनका अंतिम संस्कार भी किया गया था। इसके बाद ही डॉ. बृजेश की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
सीएमओ समेत अन्य चिकित्सकों ने जताया दुख
आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. बृजेश शर्मा की मौत पर सीएमओ डॉ. वीबी सिंह समेत अन्य चिकित्सकों ने दुख व्यक्त किया है। सीएमओ ने बताया कि मोबाइल टीम में रहने के दौरान डॉ. बृजेश ने होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की जो सेवा की, उसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। उधर एडिशनल सीएमओ डॉ. एके मौर्या, भेलूपुर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय के डॉक्टर अनिल गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी डॉ. बृजेश के निधन पर शोक व्यक्त किया है।