अमर उजाला स्वास्थ्य अभियान: वाराणसी के स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर लगाए जा रहे टीके, सामाजिक संस्थानों की ली जा रही मदद
वाराणसी के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से हर दिन 12 से 14 साल, 15 से 17 और 18 साल से अधिक उम्र वालों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है।
विस्तार
कोरोना टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से वाराणसी में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें शिक्षण और सामाजिक संस्थानों की भी मदद ली जा रही है। बच्चों, किशोरों और युवाओं को पहली डोज लगाने के साथ ही दूसरी डोज का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना इसका उद्देश्य है।
साप्ताहिक कार्ययोजना भी बनाई जा रही है, जिसमें बच्चों को टीका लगाने के साथ-साथ उन्हें जागरूक भी किया जाएगा। शहरी और ग्रामीण इलाकों में सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से हर दिन 12 से 14 साल, 15 से 17 और 18 साल से अधिक उम्र वालों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है।
किशोरों के दूसरी डोज का ग्राफ लक्ष्य से पीछे
शासन, प्रशासन की ओर से जागरूक करने के बाद भी 12 से 14 और 15 से 17 साल के किशोरों के दूसरी डोज का ग्राफ 100 प्रतिशत नहीं पहुंच सका है। अब जबकि स्कूल खुल गए हैं, ऐसे में स्कूलों में अभियान की शुरुआत हो गई है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने लक्ष्य पूरा करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी है
टीकाकरण से सेहत पर कोई दुष्प्रभाव नहीं
नोडल प्रभारी (टीकाकरण) डॉ. एके पांडेय ने कहा कि कोरोना का टीकाकरण के लिए बहुत जरूरी है। इससे बच्चों से लेकर सभी को इसका फायदा बताया जा रहा है। टीकाकरण से सेहत पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। टीकाकरण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
बीएसए राकेश सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में 12 से 14 साल के बच्चों को टीका लगवाने के लिए शिक्षक भी जागरूक कर रहे हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को टीकाकरण के फायदे बताए जा रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. गिरीश सिंह ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों के खुलने के बाद छात्र-छात्राओं को टीका लगाने की स्वास्थ्य विभाग की पहल सराहनीय है। प्रधानाचार्यों को 15 से 17 साल के सभी किशोरों का समय से टीका लगवाने को कहा गया है।
एक नजर में टीकाकरण
उम्र कुल पहली डोज दूसरी डोज
12-14 55750 96.2 62.7
15-17 257879 95.4 79.4
18 प्लस 2971567 104.8 95.42