हवाई यात्रा: एयर इंडिया की मुंबई से वाराणसी के लिए सीधी उड़ान 27 मार्च से, गोरखपुर- वाराणसी सेवा होली बाद
विधानसभा चुनाव खत्म होने के साथ ही गोरखपुर से क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा को विस्तार देने की तैयारी भी तेज हो गई है। होली बाद गोरखपुर से वाराणसी व कानपुर के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो जाएगी।
विस्तार
एयर इंडिया विमानन कंपनी द्वारा मुंबई से लखनऊ होते हुए वाराणसी संचालित होने वाली विमान सेवा 26 को बंद हो जाएगी। एयर इंडिया के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया की ओर से नियमित विमानों की सेवा में 27 मार्च से बदलाव किया जाएगा। इसमें मुंबई से आने वाला विमान लखनऊ की जगह सीधे वाराणसी के लिए संचालित किया जाएगा।
इसके समय में भी बदलाव किया गया है। वर्तमान में लाल बहादुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एयर इंडिया की रोजाना नियमित तीन उड़ानें संचालित होती हैं। इसमें विमान संख्या एआई 406 प्रतिदिन दिल्ली से सुबह 11.35 बजे वाराणसी पहुंचता है। यही विमान दोपहर 12.10 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए जाता है।
वहीं, एआई 625 मुंबई से लखनऊ के बाद दोपहर 12 बजे वाराणसी पहुंचता है। यही विमान दोपहर 12.35 बजे वाराणसी से मुंबई के लिए उड़ान भरता है। इनके अलावा एयर बबल के तहत वाराणसी एयरपोर्ट से प्रतिदिन एयर इंडिया की एक विमान आई एक्स 183 शारजाह के लिए उड़ान भरता है। 27 मार्च से मुंबई और वाराणसी के बीच संचालित होने वाली विमान सेवा को समाप्त करने के बाद इसे मुंबई से लखनऊ के बजाए सीधे वाराणसी के लिए कर दिया जाएगा।
विधानसभा चुनाव खत्म होने के साथ ही गोरखपुर से क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा को विस्तार देने की तैयारी भी तेज हो गई है। होली बाद गोरखपुर से वाराणसी व कानपुर के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। विमानन कंपनी स्पाइस जेट को इसकी जिम्मेदारी मिली है। 28 मार्च से समर शेड्यूल जारी हो जाएगा। इसी में इन दोनों शहरों के लिए उड़ानों का भी समय तय हो जाएगा। जल्द ही शेड्यूल जारी होने की उम्मीद है, जिसके बाद टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
विमानन कंपनी स्पाइस जेट का 70 सीटर विमान गोरखपुर से रोजाना वाराणसी व कानपुर के लिए उड़ान भरेगा। दोनों ही शहरों के लिए विमान का किराया करीब 1500 से 2000 के बीच रखे जाने की उम्मीद है। एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई ने बताया कि मार्च में ही वाराणसी व कानपुर के लिए हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। 28 को समर शेड्यूल में इन दोनों शहरों के उड़ानों का समय तय हो जाएगा। समर शेड्यूल जल्द जारी होने की उम्मीद है। ब्यूरो