Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन लोगों की मौत, दुष्कर्म के दोषी को सात साल की सजा; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में चौबेपुर, सेवापुरी और राजातालाब थाना क्षेत्र में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, नाबालिग से दुष्कर्म मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट तृतीय) अदालत ने आरोपी को सात साल की सजा सुनाई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव में बुधवार रात विरेंद्र कुमार भारती के बड़े बेटे अंशु कुमार की पोखरी में डूबकर मौत हो गई। अंशु मिर्गी का मरीज था। देर शाम वह शौच के लिए घर से निकला था। पोखरे के पास पैर फिसलने से वह पानी में चला गया। बृहस्पतिवार सुबह अंशु का शव उतराया मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। पता किया जा रहा है।
मां की डांट से नाराज किशोरी ने फंदा लगाकर दी जान
जंसा बाजार में बुधवार देर रात मां की डांट से नाराज बेटी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिनदासपुर गांव निवासी लवकुश मोदनवाल की बेटी हर्षिता (14) बुधवार शाम भाई के साथ पढ़ाई कर रही थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मां ने दोनों को डांट दिया। इसके बाद हर्षिता अपने कमरे में चली गई।
कुछ देर बाद जब परिजन उसे खाने के लिए बुलाने पहुंचे तो देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। आवाज देने पर प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो हर्षिता फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच की जा रही है।
पुलिया के नीचे मिला ऑटो चालक का शव, हत्या की आशंका
राजातालाब के शाहंशाहपुर जक्खिनी में पुलिया के नीचे बृहस्पतिवार सुबह ऑटो चालक लश्करिया निवासी पप्पू राजभर की लाश मिली। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और शव को घर लेकर चले आए। सूचना पर घर पहुंची पुलिस और एडीसीपी वैभव बांगर ने जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों का आरोप कि पप्पू राजभर के सिर, आंख, नाक और सीने पर चोट के निशान थे। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। वैभव बांगर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत की खबर से पत्नी शकुंतला, बेटे राहुल, रोहित और बेटी रीति का रो-रोकर बुरा हाल है।
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के बड़ादेव में इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी सुरेंद्र केशरी ने दो नवंबर को गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बाद बृहस्पतिवार को दशाश्वमेध पुलिस ने भेलूपुर निवासी अभिषेक बेरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया।
छेड़खानी के आरोपी की केंद्रीय मंत्री से शिकायत
बीएचयू के छात्रों ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात कर सर सुंदरलाल अस्पताल पर कथित भ्रष्टाचार और छेड़खानी के आरोपी कर्मचारी को संरक्षण देने और फार्मेसी के अवैध रूप से चलने का आरोप लगाया। ज्ञापन देकर तत्काल उच्च स्तरीय जांच की मांग की। छात्रों ने बताया कि अस्पताल के एक वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर पर एक महिला के साथ छेड़खानी का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।
इसके बावजूद प्रशासन ने न तो उन्हें निलंबित किया और न ही कोई विभागीय कार्रवाई की। छात्रों का आरोप है कि उस अधिकारी की नियुक्ति भी फर्जी दस्तावेज के आधार पर हुई है। अस्पताल परिसर में फार्मेसी का टेंडर महीनों पहले खत्म हो चुका है, फिर भी अधिकारियों की मिलीभगत से यह संचालित है। जेनेरिक दवाएं बाजार से महंगी बेचने का आरोप लगाया है। एक दुकान के लाइसेंस पर 15 से ज्यादा अवैध स्टोर खोलने की शिकायत की है।
दुष्कर्मी के दोषी सात साल की सजा
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट तृतीय) विनोद कुमार की अदालत ने काशीराम आवास, शिवपुर निवासी दिनेश सोनकर को दोषी पाया और सात साल की सजा सुनाई। वादिनी ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि वह 30 नवंबर 2013 को दवा लेने बीएचयू गई थी। इस दौरान बेटे ने फोन पर बताया कि बेटी लापता है।
छानबीन से पता चला कि दिनेश सोनकर उनकी बेटी का बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पूछताछ करने जब वह दिनेश सोनकर के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने बताया कि वह नहीं है। तीन दिसंबर 2012 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बरामदगी के बाद मेडिकल में दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई तो आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में बढ़ोतरी की गई। अदालत में विचारण के दौरान सात गवाह पेश किए गए। इस मामले में दो आरोपित शंकर व राजेश सोनकर के खिलाफ आरोप साबित नहीं होने पर अदालत ने बरी कर दिया।
कुर्की आदेश पर तहसील प्रशासन ने जल निगम के दीनापुर कार्यालय को किया सील
भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण के पीठासीन अधिकारी सत्यानंद उपाध्याय के कुर्की आदेश पर बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। प्रशासन ने दीनापुर में उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता निर्माण खंड विद्युत यांत्रिक के कार्यालय और प्रशासनिक भवन को सील कर दिया। इसकी पुष्टि एसडीएम सदर नितिन सिंह ने की। कहा कि जमीन के मुआवजे के संबंध में भूमि अर्जन प्राधिकरण के आदेश के अनुपालन में तहसील प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की है।
बीएचयू के छात्र का लैपटाॅप, मोबाइल और नकदी चोरी
बीएचयू के अर्थशास्त्र विभाग के अनुप प्रसाद का हॉस्टल के कमरे से बृहस्पतिवार को पांच हजार रुपये, लैपटॉप और मोबाइल समेत दस्तावेज चोरी को गए। पीड़ित ने लंका थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही।
साइबर ठग ने खाता हैक कर 42.50 लाख निकाला
चौबेपुर क्षेत्र के खोनपुर गांव निवासी मदन मिश्रा के बैंक खाता को हैक कर साइबर ठग ने 42 लाख 50 हजार रुपये उड़ा दिए। भुक्तभोगी को मामले की जानकारी छह दिसंबर को हुई जब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया नगर निगम सिगरा शाखा पहुंचा। मदन मिश्रा ने बताया कि वह कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे, जिस कारण बैंक नहीं जा सके और खाते की जांच भी नहीं करा पाए।
शनिवार को बैंक पहुंचने पर उन्हें पता चला कि खाते से रकम की निकासी हो चुकी है, जबकि उन्होंने कोई लेन-देन नहीं किया। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित सीधे साइबर क्राइम थाने पहुंचा और तहरीर दी। एसीपी साइबर क्राइम विद्वुष सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कुत्ते के काटने से घायल 3 बच्चे पहुंचे अस्पताल
दीनदयाल अस्पताल में बृहस्पतिवार को कुत्तों के काटने से घायल तीन बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। पुलिस लाइन क्षेत्र से अस्पताल लाई गई 7 साल की बच्ची अलीशा को आवारा कुत्ते ने हाथ में नोच लिया था। इसी तरह 3 साल के विहान और लक्ष्मणपुर के 6 साल के सत्यार्थ को भी कुत्ते ने काटा। तीनों बच्चों को अस्पताल में तत्काल एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) की डोज दी गई।
जिले के अस्पतालों में प्रतिदिन 700 से अधिक मरीज एआरवी की डोज लेने पहुंच रहे हैं, जिनमें कुत्ते, बिल्ली और बंदरों के हमले में घायल लोग शामिल हैं। नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी संतोष पाल का कहना है कि पिछले दो महीनों में 100 कुत्तों को पकड़कर सार्वजनिक स्थानों से हटाया गया और उन्हें शेल्टर होम में रखा गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आर एस राम ने बताया कि सभी बच्चे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे थे। तत्काल उन्हें एआरवी की डोज लगाई गई है।
बनारस से मुंबई के लिए आज चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेल प्रशासन की ओर से बनारस से मुंबई जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 12 दिसंबर को स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन वापसी में 14 दिसंबर को आएगी। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 01082 बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस विशेष गाड़ी का संचालन बनारस से 12 दिसंबर को किया गया है। बनारस से यह ट्रेन शाम 7.40 बजे चलकर दूसरे दिन प्रयागराज छिवकी, सतना, मैहर, जबलपुर, इटारसी, भुसावल होते हुए तीसरे दिन लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुबह 6.25 बजे पहुंचेगी।
अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम की मांग लेकर निकली सुरक्षा यात्रा पहुंची कचहरी
अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को संसद से पारित कराने की मांग को लेकर वकीलों की ऑल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन सुरक्षा यात्रा लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, कौशांबी, फतेहपुर और जौनपुर से होकर बृहस्पतिवार को वाराणसी कचहरी पहुंची। राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल और राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार तिवारी की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने कचहरी और दीवानी परिसर में सुरक्षा, पेंशन, भत्ते व अन्य सुविधाओं को लेकर समर्थन जुटाया।
ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम पर यूपी सरकार संकल्प प्रस्ताव पारित करे और इसे संसद तक भेजे। अनिल कुमार तिवारी ने कहा कि यूपी सरकार एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करे। शैलेश कुमार सिंह, अधिवक्ता रामजनम सिंह, बलराम उपाध्याय, प्रवीण त्रिपाठी, अजय सिंह बागी, राजेश श्रीवास्तव, सुनील योगी, संदीप गिरि, संजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।
दोस्त को मिट्टी देने आया था, कब्रिस्तान में आया हार्टअटैक
बाराबंकी सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत होने के सूचना मिलने के बाद जनाजे में आजमगढ़ से आए जावेद के दोस्त सब्बू (55) को कब्रिस्तान में हार्टअटैक आ गया। सब्बू मिट्टी देने रहीमपुर आया था। आनन-फानन उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख ठगे
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख की ठगी कर ली। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से गुहार लगाई। सीपी के आदेश पर चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई। अहिरवां के चेत नगर निवासी नीरज कुमार अग्रहरि ने बताया कि उनकी मुलाकात दो साल पहले एक सामाजिक कार्यक्रम में औरेया के नुनारी निवासी शैलेंद्र गुप्ता से हुई थी।
जनवरी 2025 में शैलेंद्र अपने दो साथी वाराणसी के सारनाथ सारंग तालाब निवासी रविशंकर अंगारा और सुल्तानपुर के गोरा बारीक निवासी दिलीप गुप्ता के साथ उनके घर पर आए। आरोपियों ने सचिवालय में नौकरी के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की। दो लाख रुपये दे दिए। नौकरी न मिलने पर चार माह बाद पूछा तो आरोपियों ने टरका दिया। रकम वापस मांगने पर धमकी दी। पुलिस के कार्रवाई न करने पर सीपी से शिकायत की। कार्यवाहक थाना प्रभारी रिजवान खान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। शैलेंद्र के खिलाफ कई जिलों में हत्या, लूट और अपहरण जैसे मामले दर्ज हैं।
सक्षम दिव्यांग केंद्र में निशुल्क मिलेंगी सुविधाएं
सक्षम दिव्यांग सेवा केंद्र का काशी में बृहस्पतिवार को शुभारंभ हुआ। सुंदरपुर नेवादा स्थिति एक्सिस बैंक के नीचे खुले इस केंद्र का उद्घाटन सक्षम संस्था के राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में निशुल्क दिव्यांगों की हर समस्याओं का समाधान मिलेगा। केंद्र की प्रभारी व सक्षम की महिला प्रमुख राधा सिंह ने बताया कि इस केंद्र में दिव्यांगजनों के प्रशिक्षण, शिक्षा, रोजगार, स्वस्थ, चिकित्सा, सहायक उपकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, यूडीआईडी कार्ड आदि सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। मौके पर प्रांत सचिव घनश्याम पांडेय, बीडी दुबे, बालगोविंद रहे।
उस्ताद के बेटे को छुड़ाने पहुंचे किन्नरों का थाने में हंगामा
शिवपुर के कांशीराम आवास क्षेत्र में एक चाय विक्रेता से गालीगलौज की शिकायत पर 112 नंबर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। युवक की पहचान कुंदन पुत्र अशोक निवासी कांशीराम आवास के रूप में हुई। कुंदन को थाने लाने की सूचना पर आठ किन्नर यहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे। किन्नरों का कहना था कि जिस लड़के को पुलिस लाई है, वह हमारे उस्ताद का लड़का है। स्थिति बिगड़ती देख शिवपुर पुलिस ने सभी को शांत कराया। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि पूछताछ कर युवक को छोड़ दिया गया।
दुकान में रखकर देर रात शराब बेचने वाला गिरफ्तार
गोलगड्डा क्षेत्र में शराब की काला बाजारी से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद आदमपुर पुलिस ने अजीत यादव उर्फ भीम को गिरफ्तार किया। उसके पास से 15 पाउच शराब, नौ बीयर और चार सौ रुपये नकद मिले। नौ दिसंबर की रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। गोलगड्डा में चखने की दुकान चलाने वाला युवक दुकान में बीयर और शराब देर रात तक बेच रहा था। वीडियो की जांच कर आदमपुर पुलिस ने जौनपुर निवासी अजीत यादव उर्फ भीम को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि बुधवार देर रात आरोपी को पकड़ा गया।
शराब के पैसे नहीं देने पर पीटा
घर से किसी काम के लिए चितईपुर जा रहे अमरा निवासी नीरज केशरी को बाइक सवार माइकल, विक्की और डब्बू निवासी अखरी ने रोक लिया। आरोप है कि शराब के लिए पैसे मांगने के बाद इन्कार करने पर उसकी पिटाई की। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पति और सास पर दहेज प्रताड़ना में प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा निवासी मोहम्मद साबिर की तहरीर पर मदनपुरा के बहनोई आमिर मलिक व मां शहनाज के खिलाफ बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मोहम्मद साबिर ने बताया कि बहन वफा समरीन का निकाह आमिर मलिक के साथ हुआ था। शादी में हैसियत के हिसाब से सब दिया। बावजूद और दहेज की मांग की जा रही और नहीं देने पर तलाक की धमकी दे रहे हैं। कुछ दिन पहले पति ने उसकी पिटाई की और मायके छोड़कर चला गया। थाना प्रभारी भेलूपुर सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
1.52 लाख रुपये की ठगी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
लालपुर–पांडेयपुर थाना क्षेत्र में सिक्कों और गहनों का लालच देकर 1.52 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। चार अभियुक्तों शंकर निवासी चित्रकुट, सुनील कुमार, शिवा राजभर और गणेश कुमार निवासी पड़ाव को पुलिस ने पहड़िया के पास से गिरफ्तार किया। सारनाथ निवासी संदीप ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि सात दिसंबर को पांडेयपुर में चाय पीते समय एक व्यक्ति उससे मिला। सस्ते गहने का लालच दिया और नौ दिसंबर को पहड़िया बुलाकर ठगी कर ली।
वीडीए के कैंप में सुनवाई के लिए आए 100 मामले
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को नोटिस की सुनवाई और मानचित्र निस्तारण के लिए कैंप लगाया गया। 100 मामले सुनवाई के लिए आए। नियोजन अनुभाग के 8 मामलों का निस्तारण किया गया। 15 मामले अस्वीकृत किए गए। मानचित्र और नोटिस से संबंधित सुनवाई में 83 भवन स्वामी उपस्थित हुए। कैंप का उद्देश्य भवन स्वामियों से प्राप्त मानचित्रों, नोटिसों, शमन से संबंधित प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण करना था। सभी अनुभाग ऑनलाइन और ऑफलाइन मानचित्रों और प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करें। स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मानचित्रों को तकनीकी कारणों, नियमों के अनुपालन न होने के कारण अस्वीकृत किया गया है। उन पर संबंधित प्रवर्तन टीम कार्रवाई करे।
महिला से मारपीट के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी गांव निवासी एक महिला से मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में कोर्ट के आदेश पर बड़ागांव पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के ही अखलाक और मैनुद्दीन ने तीन अक्तूबर को घर में घुसकर मारा पीटा और छेड़खानी की। पेट पर लात मारने की वजह से गर्भपात हो गया। बचाव में जब पति आए तो उनकी भी पिटाई की। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
राहुल की मां ने कहा, शुभम सिंह और संध्या को हो फांसी
राहुल मिश्रा की आत्महत्या मामले में मां ने आरोपी बहू, सास और बहू के कथित प्रेमी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की। मां रानी मिश्रा ने कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा हो। तीनों ने मिलकर बेटे को इतना प्रताड़ित किया कि उसने फंदे से लटक कर जान दे दी। घर में अब कोई नहीं। पति मानसिक रूप से कमजोर हैं।
आए दिन मारपीट और उत्पीड़न के कारण राहुल मानसिक रूप से टूट चुका था। थाना क्षेत्र के बनकट गांव में मंगलवार सुबह युवा राहुल मिश्रा (30) ने घर में टिनशेड के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर पत्नी संध्या और सास माधवी सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कथित प्रेमी शुभम सिंह डेंजर की तलाश की जा रही है।
प्रोफेसर ने कचहरी में बताया उत्पीड़न से बचाव का रास्ता
बीएचयू के विधि संकाय की प्रो. बिभा त्रिपाठी ने कचहरी स्थित मनोरंजन कक्ष में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से बचाव के तरीके बताए। निवारण, रोकथाम और उपचार अधिनियम पाश और बालकों के विरुद्ध लैंगिक हिंसा से संरक्षण अधिनियम, पाॅक्सो से संबंधित जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि हमें कानूनी उलझनों के बजाय अधिनियम के उद्देश्य पर केंद्रित होकर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए आगे बढ़ना होगा।
किराया जमा नहीं किया तो दुकानें होंगी नीलाम
लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वालों की दुकानें खाली कराके वीडीए नीलामी कराएगा। वीडीए उपध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश पर वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने निर्देश दिए हैं। कहा कि जो किरायेदार लंबे समय से किराया नहीं जमा कर रहे हैं, जिनकी दुकानें बंद हैं, जो सिकमी किरायेदार हैं। संबंधित दुकानों को खाली कराकर अधिग्रहण किया जाए। जिन आवंटियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, उनकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। जिन आवंटियों ने अब तक धनराशि जमा नहीं की उन्हें नोटिस जारी कर भुगतान कराएं। जिन आवंटियों की किस्त जमा करने की तिथि पास है। पूर्व में सूचना देते हुए नोटिस जारी किया जाए, ताकि वे समयबद्ध रूप से भुगतान कर सकें।
12 घंटे में लूट का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने क्षेत्र के रामपुर ताल में मंगलवार देर रात कार सवार से 50 हजार रुपये और मोबाइल लूटने के तीन आरोपियों को कपसेठी पुलिस ने 12 घंटे में पूरा शिव चकलोला बाग से गिरफ्तार कर लिया। तीनों की पहचान शिवम पटेल निवासी रामपुर कपसेठी, छोटेलाल निवासी चकईपुर जौनपुर और आशीष पटेल निवासी रामपुर कपसेठी के रूप में हुई है। नौ दिसंबर की रात 12 बजे घोंसीला गांव निवासी बुलबुल चौधरी कार से रामपुर से दिलावलपुर की तरफ आ रहे थे। आरोप कि रामपुर ताल के पास सुनसान जगह पर बदमाशों ने सड़क पर पुवाल और लकड़ी रखकर रास्ते को रोक रखा था। जैसे ही कार रोकी बदमाशों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। कार की चाबी छीनकर बदमाशों ने झाड़ी में फेंक दी थी।
पुराने भवन में लगी आग, एक घंटे में बुझी
चौक थाना क्षेत्र के लक्खी चबूतरा मोहल्ले में बृहस्पतिवार भोर में तीन बजे एक पुराने चार मंजिला भवन में आग लग गई। आग आसपास के घरों तक पहुंचती इससे पहले दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया। प्रथमदृष्टया बाहर जमा कूड़े के ढेर में लगी चिंगारी से आग की आशंका है। बताया गया कि चार भवन मंजिला पुराना ढांचा है, जो वर्षों से बंद पड़ा था। अचानक धुआं उठने लगा। आसपास के घरों के लोग शोर मचाने लगे।
सूचना पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची और एक घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया। गली संकरी होने की वजह से दमकलकर्मियों को पाइप लाइन डालकर अंदर तक पहुंचना पड़ा। स्थानीय लोगों की माने तो भवन किसी ट्रस्ट के नाम पर दर्ज है और 15 साल से बंद है। नीचे साड़ी की दुकान थी। भवन मालिक बंगलूरू में रहते हैं। उनसे संपर्क करने के लिए कोई नंबर नहीं है।
काशी के राजवैद्य के पुत्र पं. नंद कुमार शास्त्री का निधन
काशी के जाने माने राजवैद्य स्व. पं शिव कुमार शास्त्री के दूसरे पुत्र व प्रसिद्ध वैद्य पं. नंद कुमार शास्त्री का बुधवार रात निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर बृहस्पतिवार भोर में किया गया।
वैद्यराज के बड़े पुत्र वैद्य पं. राम कुमार शास्त्री ने मुखाग्नि दी। इस दुखद समाचार को सुनते ही धन्वंतरि निवास व सुड़िया सराफा मंडी में शोक की लहर दौड़ गई और शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए आसपास के नागरिकों व गणमान्य जनों का तांता लगा रहा। शोक में सुड़िया सर्राफा बाजार बंद रहा। वैद्य पं. समीर कुमार शास्त्री ने बताया कि रात्रि भोजन के पश्चात शयन पूर्व उन्हें कुछ कमजोरी महसूस हुई। उसके बाद स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाने के पूर्व ही उन्हें हिचकी आई। अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टर ने हृदय गति रुकने से निधन होने की पुष्टि की।
जल्द पूरा कराएं शहर के 75 पार्कों का सुंदरीकरण
वीडीए की ओर से शहर में 75 पार्कों का सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने मातहतों को निर्देश दिया है कि पार्कों के सुंदरीकरण कार्य में किसी प्रकार की कोताही न हो। इनमें ओपन जिम, लाइटिंग, हॉर्टिकल्चर, पाथवे, झूला व अन्य संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों के सुंदरीकरण से शहरवासियों को बेहतर वातावरण व मनोरंजन की सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य करने को कहा। भविष्य में पार्कों के रखरखाव और सतत निगरानी के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
महामना जयंती की पूर्व संध्या पर हुई प्रतियोगिता
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में पंडित मदन मोहन मालवीय के जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर संभाषण और निबंध प्रतियोगिता हुई। भारतीय तिथि के अनुसार पौष कृष्ण अष्टमी महामना की जयंती 12 दिसंबर को मनाई जा रही है। निबंध का विषय महामना की शैक्षिक दृष्टि और बीएचयू : सिद्धांत से व्यवहार की यात्रा और संभाषण का विषय महामना की शैक्षिक दृष्टि और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 था। इसमें बीएचयू के इतर भी छात्र और छात्राओं ने हिस्सेदारी की। निबंध प्रतियोगिता में 120 प्रतिभागियों और 50 छात्रों ने संभाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। संभाषण प्रतियोगिता के निर्णायकों में प्रो. राज कुमार मिश्रा, प्रोफेसर रसायन शास्त्र विभाग, डॉ. राघव मिश्रा आदि मौजूद रहे।
15 तक करें सोलर पंप के लिए बुकिंग
प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम) योजना के तहत सोलर पंप की बुकिंग 15 दिसंबर तक होगी। उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने बताया कि इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in पर पंजीकरण कर ऑनलाइन बुकिंग करवा सकते हैं। बुकिंग के साथ 5000 रुपये टोकन मनी के रूप में ऑनलाइन जमा करना होगा। लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने पर ई-लाटरी से चयन होगा। सोलर पंप पर 60 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
केक और काजू के बिस्किट बनाने की दी ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत बेकरी प्रशिक्षण शिविर का समापन बृहस्पतिवार को राजकीय खाद्य विज्ञान केंद्र कचहरी में हुआ। मुंबई के सामाजिक फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सैयद राजा विस के पूर्व विधायक सुभाष पासी की पत्नी रीना पासी ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना का लोग लाभ उठाकर लोग आत्मनिर्भर बन सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान लोगों को केक, पाव ब्रेड, नान खटाई और काजू के बिस्किट बनाना सिखाया गया। मंडलीय प्रधानाचार्य पवन कुमार ने कहा कि लोग प्रशिक्षण लेकर अनुदान पर उद्योग लगा सकते हैं। उन्होंने स्केटिंग खिलाड़ी सोनी चौरसिया, शिवांगी सिंह और शिखा राय को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्वागत जिला प्रभारी खाद्य प्रसंस्करण आरसी अग्रवाल ने किया।
महर्षि अगस्त्य वाहन दल ने किया श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन
काशी तमिल संगमम के तहत तेनकाशी से काशी आया महर्षि अगस्त्य वाहन दल बृहस्पतिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। सदस्यों ने विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर के शास्त्रियों ने पारंपरिक पुष्पवर्षा, डमरू वादन और वेदघोष के साथ तेनकाशी से आए सभी अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने भी जयघोष के साथ बाबा विश्वनाथ के समक्ष श्रद्धा अर्पित की। दर्शन के बाद कॉरिडोर का भ्रमण किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने गंगा द्वार से मां गंगा का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अन्नक्षेत्र में परोसा गया पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया।
2460 किलोमीटर की दूरी तय करके काशी पहुंची कार रैली
महर्षि अगस्त्य वाहन की ऐतिहासिक कार रैली दो दिसंबर को दक्षिण काशी तिरुनेलवेली (तेनकाशी) से प्रारंभ हुई थी। 2,460 किलोमीटर की दूरी तय कर तमिलनाडु से उत्तर भारत तक सांस्कृतिक, भाषाई और आध्यात्मिक एकात्म की धारा की स्मृति को पुनर्जीवित करती आगे बढ़ी। रैली में शामिल 20 वाहनों और लगभग 100 प्रतिभागियों का भव्य स्वागत 10 दिसंबर को मोहन सराय काशी द्वार पर किया गया।
रामलला के दर्शन पर भावुक हुए तमिल के किसान
काशी तमिल संगमम के अंतर्गत आए किसानों के प्रतिनिधिमंडल के लिए बृहस्पतिवार का दिन भावनात्मक और ऐतिहासिक बन गया। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू नदी का दर्शन किया। इस आध्यात्मिक अनुभव ने हर किसान के दिल को गहराई से स्पर्श किया। जैसे ही किसान राम मंदिर पहुंचे, उनके कदम थम गए और आंखें नम हो उठीं। कई किसान भावुक होकर बोले कि यह केवल दर्शन नहीं, बल्कि 500 वर्षों की आस्था, संघर्ष और प्रतीक्षा की पूर्णता है। कुछ किसान तो हाथ जोड़कर खड़े ही रह गए। उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हुआ कि सदियों की प्रतीक्षा का फल मिल गया।
गंगा में प्रदूषण मुक्त यातायात : सुनील पालीवाल
भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष सुनील पालीवाल ने कहा कि हाइड्रोजन जलयान गंगा में प्रदूषण मुक्त यातायात उपलब्ध कराएगा। पहले 3 मार्ग पर 5 मालवाहक थे। अब 13 मार्गों पर 25 से ज्यादा चल रहे हैं। वाराणसी में 300 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो रही हैं। इसमें मल्टी मॉडल टर्मिनल का निर्माण, जेटी, वाराणसी टर्मिनल को एनएच 7 से जोड़ने का काम, मल्टी मॉडल टर्मिनल के रेलमार्ग से जोड़ने के काम शामिल हैं।
भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार ने पहले वाराणसी में संचालित परियोजनाओं के बारे में बताया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन हुआ। 6 बटुकों ने मंत्रोच्चारण किया। इस दौरान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दया शंकर मिश्रा दयालु, विधायक अवधेश सिंह, कृपाशंकर सिंह, जलमार्ग मंत्रालय के सचिव विजय कुमार, आईडब्ल्यूएआई अध्यक्ष सुनील पालीवाल मौजूद रहे।
गृहकर को छोड़कर देना होगा जलकर और सीवरकर : नगर निगम
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि भवन संख्या के 66/4 और के 66/3 पर संपत्ति कर का नोटिस जारी किया गया है। इसमें गृहकर, जलकर, सीवर कर भी शामिल है। नगर निगम अधिनियम 1959 के अंतर्गत किसी भी धार्मिक संस्थान या सार्वजनिक उपासना स्थल के भवनों पर केवल गृहकर से मुक्त रखा गया है। जल और सीवर कर भवन के वार्षिक मूल्यांकन के आधार पर निर्धारित प्रतिशत पर लेने का प्रावधान है। भवन संख्या के 66/3 गृहकर से मुक्त किया गया है। नोटिस पहले जारी हो चुका था, इसके बाद भवन स्वामी का आवेदन पत्र प्राप्त हुआ। जिसे संज्ञान में लेकर गृहकर से मुक्त कर जलकल, सीवर कर का संशोधित बिल जारी किया गया। दूसरा भवन संख्या के 66/4 में प्लाईवुड की दुकान है, जिस पर नियमानुसार संपत्तिकर का नोटिस जारी किया गया है।
वाराणसी में एसआईआर प्रक्रिया पर सपा ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एसआईआर प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने यह मांग उठाई कि बांदा, मैनपुरी और वाराणसी में मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपाइयों ने आरोप लगाया है कि मतदाता पंजीकरण फॉर्म जमा करने के बाद उनके नाम गृह ब्लॉक या संबंधित बूथ के बजाय दूसरे ब्लॉकों और दूरस्थ बूथों में जोड़ दिए गए। इससे न केवल मतदान प्रतिशत प्रभावित होगा, बल्कि निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
थाईलैंड और इंडोनेशिया के 14 प्रतिनिधि ने जानी तकनीक
अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईसार्क) में स्पीड ब्रीडिंग: एग्री-बिजनेस की आज की जरूरतों को पूरा करना विषय चल रहे प्रशिक्षण में बृहस्पतिवार को भारत के अलावा थाईलैंड और इंडोनेशिया से आए 14 प्रतिनिधि इस तकनीकी से रूबरू हुए। उन्होंने आईसार्क के खेत और प्रयोगशाला भ्रमण के साथ स्पीड ब्रीड सुविधा, विकास, बीज प्रबंधन और फसल विशिष्ट प्रोटोकॉल पर विशेषज्ञ सत्र में जानकारी दी गई।
इरी एजुकेशन की प्रमुख डॉ. एनीलिन मनींगस ने स्पीड ब्रीडिंग जैसे नवाचारों को बढ़ाने के लिए मानव संसाधन निर्माण पर जोर दिया। कृषि जैव-प्रौद्योगिकी निदेशक डॉ. संजय कालिया ने स्पीड ब्रीडिंग को बेहतर फसल किस्मों के विकास में तेजी लाने के लिए एक परिवर्तनकारी अस्त्र बताया। इरी के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय प्रजनन प्रमुख डॉ. विकास कुमार सिंह मौजूद रहे।
काशी से पाकिस्तान तक करेंगे गुरु की बंदगी, होंगे विविध अनुष्ठान
उदासीन पंथ के श्रीबनखंडी साधुबेला के आठवें पीठाधीश्वर, परिव्राजकाचार्य स्वामी हरिनामदास महाराज का 145वां जयंती महोत्सव शुक्रवार से शुरू हो रहा है। काशी के अलावा पंच के पाकिस्तान में स्थित प्रमुख पीठ में भी अनुयायी गुरु की वंदना करेंगे। तीन दिनों तक विविध अनुष्ठान संपन्न होंगे। देश के विभिन्न शहरों में स्थापित श्रीबनखंडी साधुबेला आश्रमों में पूजन-अर्चन किया जाएगा।
श्रीबनखंडी महादेव साधुबेला आश्रम, भदैनी में शुक्रवार से 14 दिसंबर तक विविध अनुष्ठान आयोजित होंगे। आश्रम के प्रबंधक अनुप लालवानी ने बताया कि शुक्रवार को श्रीमद्भागवत गीता पाठ की शुरुआत होगी और गुरु का पूजन किया जाएगा। अगले दिन अखंड रामचरितमानस पारायण एवं पूजन होगा। अंतिम दिन अखंड पारायण की पूर्णाहुति के साथ भंडारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के सिंध प्रांत के सक्कर जिले में एक टापू पर यह आश्रम स्थित है। इसके अलावा मुंबई, हरिद्वार, वृंदावन, पटियाला, दिल्ली आदि शहरों में आश्रम की शाखाएं हैं, जहां गुरु स्वामी हरिनामदास महाराज की जयंती मनाई जाएगी।
निनादो का नाद ही डमरू का घोष जिसमें अक्षर विन्यास बने
यस्य निःश्वसितं वेदा यो वेदेभ्योऽखिलं जगत्। निर्ममे तमहं वन्दे विद्यातीर्थं महेश्वरम् अर्थात् वेद जिनके निःश्वास हैं, जिन्होंने वेदों से सारी सृष्टि की रचना की और जो विद्याओं के तीर्थ हैं। ऐसे शिव भारत के व्याकरण-रचयिताकारों के कुलगुरु महर्षि पाणिनि व्याकरण के सूत्रधार हुए। इन्हीं विद्या निधान भगवान महेश के डमरू का घोष प्रथम शब्द ध्वनि मानी गई, साधकों के लिए ज्ञान प्राप्त करने का साधन बन गई।
उक्त बातें भगवान वेदांताचार्य महाराज ने कहीं। वह बृहस्पतिवार को शिवपुर में फलाहारी बाबा आश्रम में चल रहे नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ शिवमहापुराण कथा सुना रहे थे। शिव पुराण की विवेचना में पौराणिक विधाओं का वर्णन करते हुए भगवान वेदांताचार्य ने कहा कि पुराणों में भगवान शिव को विद्या का प्रधान देवता कहा गया है।
उन्हें विद्यातीर्थ नामसे पुकारा गया है और सर्वज्ञ माना गया है। उन्हें ज्ञान, इच्छा एवं क्रिया इन तीन शक्तियों का समन्वय एवं समस्त ज्ञान का स्त्रोत माना गया है। ज्ञानपिपासुओं को उन्हीं की पूजा एवं आराधना करने का विशेष रूप से आदेश किया गया है। इस दौरान महंत रामदास त्यागी, योगी राज रामकरण दास, विनोद कुमार दुबे, कमलेश केशरी, आनंद अग्रवाल मौजूद रहे।
आईएमएस बीएचयू के प्रो. आरपी मौर्य को गुरुग्राम में मिले दो पुरस्कार
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के अध्यक्ष और आई बैंक के चेयरमैन प्रो. आरपी मौर्य को गुरुग्राम में दो राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। पहला पुरस्कार राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा विभूषण सम्मान नेत्र कैंसर, चोट एवं आकुलोप्लास्टि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पूर्व मंत्री जीवेश कुमार ने दिया। दूसरा पुरस्कार इंडियन डॉक्टर्स प्राइड अवार्ड -2025 बॉलीवुड स्टार चंकी पांडे ने पूर्वांचल में अंधता निवारण के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर आयोजित समारोह में मिलने दोनों पुरस्कारों को प्रो. मौर्य ने मरीजों को समर्पित करते हुए कहा कि मरीजों की वजह से पहचान मिली है।
बिजली निगम में संविदा कर्मियों की छंटनी का उठा मुद्दा
बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में बृहस्पतिवार को बिजली कार्यालयों पर प्रदर्शन में संविदा कर्मियों के छंटनी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने कहा कि जिस तरह से आए दिन छंटनी की जा रही हैं, उसका असर व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। कई बार आवाज उठाने के बाद भी निगम की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि संविदा कर्मियों को मानक के विपरीत कार्य कर हटाया जा रहा है।
भरण पोषण में दिक्कत हो रही है। आरके वाही, ओपी सिंह, राजेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि नियमित पदों को समाप्त करने और बिना किसी मापदंड के संविदा कर्मियों की छंटनी करने की प्रक्रिया वापस नहीं ली गई तो ऊर्जा निगमों में औद्योगिक शांति बिगाड़ने की सारी जिम्मेदारी पॉवर कॉरपोरेशन प्रबंधन की होगी।
देहरादून से 1.50 घंटे की देरी से बनारस पहुंची ट्रेन
ट्रेनों के संचालन पर कोहरे का असर दिखने लगा है। इसमें दिल्ली, मुंबई से लेकर देहरादून से आने वाली ट्रेनें देर से पहुंच रहीं हैं। बृहस्पतिवार को देहरादून से बनारस रेलवे स्टेशन पर 1 घंटे 50 मिनट की देरी से ट्रेन पहुंची तो मुंबई से कामायनी एक्सप्रेस भी देरी से आई। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से आने वाली कामायनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय देर शाम 7.45 बजे की जगह 35 मिनट की देरी से रात 8.20 बजे पहुंची। 15120 देहरादून बनारस एक्सप्रेस शाम 3.25 बजे की जगह 1 घंटे 50 मिनट की देरी से शाम 5.15 बजे बनारस रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
बीओजी में दो पदों के लिए 22 को चुनाव
आईआईटी बीएचयू में 22 दिसंबर को बोर्ड ऑफ गर्वनर (बीओजी) के दो पदों के लिए चुनाव होगा। शुक्रवार को सभी सदस्यों की सूची मेल से जारी कर दी जाएगी। वहीं, नॉमिनेशन वापस लेने की तिथि 14 दिसंबर है। 15 दिसंबर को सदस्यों के नामाें की अंतिम सूची जारी होगी। सात दिन के बाद 22 दिसंबर को वोटिंग होगी। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल स्थित दूसरे तल पर सुबह 11 बजे से 3:30 बजे तक वोटिंग होगी। शाम को चार बजे से वोटों की गिनती की जाएगी और रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। आईआईटी बीएचयू के बीओजी के चेयरमैन तेजस एयरक्राफ्ट के डिजाइनर डॉ. हरि नारायण कोटा हैं और निदेशक प्रो. अमित पात्रा इसके सदस्य हैं।
ओमकार ने राग अहीर भैरव में सुनाया अलसाने हो लालन जागो...
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार ओमकार सिंह पलका का गायन हुआ। आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश अलसाने हो लालन जागो...से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश अलबेला साजन आयो री... सुनाकर आनंदित किया। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश मान ले मोरा मनवा....पेश किया। समापन भजन जब जानकी नाथ सहाय करे...से हुआ। तबला संगति सचिन कुमार एवं संवादिनी पर हर्षित पाल ने संगत की। संचालन सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डाॅ. रत्नेश वर्मा ने किया।
बीएचयू की पीएचडी छात्रा निशा का शोध लंदन में प्रकाशित
बीएचयू में कंप्यूटर साइंस में पीएचडी कर रहीं निशा का लंदन के प्रतिष्ठित जर्नल न्यूरोकंप्यूटिंग में रिसर्च पेपर प्रकाशित हुआ। निशा ने पटना साइंस कॉलेज और पटना विमेंस कॉलेज से एमसीए और बीसीए है। प्रारंभिक शिक्षा पटना से हुई और बिहार के सहरसा जिले के महिषी गांव से ताल्लुक रखती हैं। निशा का 54 पेज का शोध पत्र डाटा एफिशिएंट डीप लर्निंग फॉर लिवर एंड लिवर ट्यूमर सेगमेंटेशन: ए कॉम्प्रिहेंसिव सर्वे विषय पर आधारित है। वह हिंदी भाषा और साहित्य के मूर्धन्य विद्वान और गांधीवादी स्व. यदुवीर चौधरी की कनिष्ठ सुपौत्री हैं। निशा के पिता सेवानिवृत बैंक अधिकारी प्रफुल्ल कुमार चौधरी हैं।
पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा कमजोर, 2-4 डिग्री चढ़ेगा पारा
पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा के कमजोर होने के चलते जिले में अगले दो से तीन दिनों तक तापमान 2 से 4 डिग्री तक चढ़ सकता है। आगामी तीन दिनों के दौरान घने कोहरे की भी उम्मीद है। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हवा भी 6 से 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार तापमान में तीन दिन बढ़ोतरी के बाद पारा के नीचे आने की भी संभावना है।
हर 100 में से 1 मरीज सिजोफ्रेनिया का रोगी
हर 100 में से 1 व्यक्ति सिजोफ्रेनिया का रोगी हो रहा है। इससे लोगों में बड़बड़ाहट और तत्काल की बातों को भूलने जैसी समस्या हो रही है। इसकी जानकारी मंडलीय अस्पताल की मनोचिकित्सक डॉ. उपासना राय की शोध में सामने आई।
डॉ. उपासना ने बताया कि यह शोध कार्य वर्ष 2021 से 2023 के बीच शोध केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान,कांके, रांची में पूरा किया गया था। हाल ही में इसे एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित किया जा चुका है। शोध में कुल 42 सिजोफ्रेनिया रोगियों को शामिल किया गया था, जिन पर दो प्रकार की ईसीटी अल्ट्रा ब्रीफ पल्स और ब्रीफ पल्स के प्रभाव का अध्ययन किया गया।
डॉ. उपासना राय ने कहा कि सिज़ोफ्रेनिया जैसे गंभीर मानसिक विकार के उपचार में ईसीटी लंबे समय से उपयोग में लाई जा रही है। मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। इस शोध से अन्य चिकित्सा कर्मियों और युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
प्रमुख सचिव ने अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा का किया निरीक्षण
अटल आवासीय विद्यालय, करसड़ा में बुधवार को उत्तर प्रदेश शासन के श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एम.के. शन्मुगा सुंदरम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कक्षा 10 के बच्चों के गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय में कमजोर प्रदर्शन देख नाराजगी जताई। उन्होंने उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ कमजोर विद्यार्थियों के छोटे समूह बनाकर रेमिडियल टीचिंग और सुपरवाइज्ड स्टडी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया।बच्चों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे कलाम और अल्बर्ट आइंस्टीन से प्रेरणा लेने को कहा। कार्यक्रम के दौरान प्रांगण में पौधरोपण किया। स्वागत प्राचार्य ने किया। इस दौरान सहायक श्रमायुक्त अविनाश चन्द्र तिवारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील द्विवेदी और वरिष्ठ सहायक अंजनी राय उपस्थित रहे।