Sawan: काशी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 37 पार्किंग स्थल, VIP से लेकर बसों तक के लिए अलग व्यवस्था; जानें खास
सावन और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 37 पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। वीआईपी वाहनों, निजी कारों, दोपहिया और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है। यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस व प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन महीने में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर मंथन शुरु कर दिया है। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि काशी आने वालों श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए 37 जगहों को चिह्नित किया गया।
ताकि शहर में वाहनों का दबाव कम हो और आवागमन प्रभावित ना हो। इन पार्किंग स्थलों पर दोपहिया, चारपहिया और बसों के लिए अलग-अलग क्षमता निर्धारित की गई है, जबकि प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल और डिजिटल साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
योजना के तहत रोहनिया, मंडुवाडीह, लंका, भेलूपुर, लक्सा, चेतगंज, कैण्ट, चौक, दशाश्वमेध, आदमपुर, सारनाथ और जंसा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रांसपोर्ट नगर, जगतपुर इंटर कॉलेज, एफसीआई गोदाम, लहरतारा स्थित एनईआर रेलवे का मैदान, बड़ी और छोटी कटिंग मेमोरियल स्कूल के मैदान, एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, बेनियाबाग, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, नरिया-हैदराबाद रोड, सामनेघाट, सीएमएस कमच्छा और अन्य स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
विशेष रूप से हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने का मैदान वीआईपी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों के लिए आरक्षित रहेगा। वहीं, गोदौलिया स्थित मल्टीलेवल पार्किंग को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा। इससे मंदिर क्षेत्र में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने। बड़े वाहनों और बसों के लिए ट्रांसपोर्ट नगर, जगतपुर इंटर कॉलेज, लहरतारा रेलवे मैदान और कटिंग मेमोरियल स्कूल के मैदानों में विशेष व्यवस्था की गई है।
थाना क्षेत्रवार प्रमुख पार्किंग स्थल
- रोहनिया : ट्रांसपोर्ट नगर मैदान, जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान और भाष्कर पोखरा, मुढ़ैला।
- मंडुवाडीह : एफसीआई गोदाम, एनईआर रेलवे मैदान।
- लक्सा : मजदा टॉकीज, पीडीआर परिसर और सनातन धर्म इंटर कॉलेज, रामापुरा।
- कोतवाली : मच्छोदरी पार्क मैदान, टाउनहाल पार्किंग, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज मैदान (वीआईपी) तथा प्रशासनिक वाहनों के लिए अलग पार्किंग।
- चेतगंज: क्वींस इंटर कॉलेज, राजकीय आईटीआई मैदान, चित्रकूट रामलीला मैदान और सम्पूर्णानंद संस्कृत विवि परिसर।
- आदमपुर : भैसासुर घाट, भदऊ चुंगी रेलवे मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी और काशी रेलवे स्टेशन।
- कैण्ट : बड़ी कटिंग और छोटी कटिंग मेमोरियल स्कूल के मैदान तथा सेंट मेरी कॉलेज के समीप पार्किंग।
- लंका : नरिया-हैदराबाद रोड, बाबा कीनाराम आश्रम के सामने तथा सामनेघाट-सनबीम स्कूल के पास पार्किंग।
- भेलूपुर : एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, द्वारिकाधीश मंदिर शंकुलधारा और सीएमएस कमच्छा। चौक: गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग।
- दशाश्वमेध : बेनियाबाग और जयनारायण इंटर कॉलेज, रामापुरा।