UP News: 2.5 किमी लंबी सड़क, छह जगह पुलिस, फिर भी दिन भर जाम; वाराणसी में रोजाना जूझते हैं राहगीर
Varanasi News: वाराणसी के भिखारीपुर तिराहा से मंडुवाडीह चौराहा के बीच पैदल से लेकर वाहन लेकर आने-जाने वालों को जाम के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यहां पुलिसिंग व्यवस्था होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होता है।
विस्तार
वाराणसी के भिखारीपुर तिराहा से मंडुवाडीह चौराहा के बीच लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी में छह जगह ट्रैफिक पुलिस और थानों की पुलिस तैनात रहती है। इसके बावजूद इस रोड पर रोजाना यातायात का भीषण दबाव रहता है और वाहन रेंगते नजर आते हैं।
खासतौर से बीएलडब्ल्यू गेट से ककरमत्ता आरओबी होते हुए बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार तक सुबह स्कूल खुलने व दोपहर बंद होने के समय और शाम में स्थिति ऐसी रहती है कि राहगीर कहते हैं कि काश कि इस रास्ते से दोबारा न गुजरना पड़े।
ढाई किलोमीटर लंबे मार्ग में भिखारीपुर तिराहा, बीएलडब्ल्यू गेट, ककरमत्ता आरओबी, बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के सामने, मंडुवाडीह में बनाए गए यू-टर्न और मंडुवाडीह चौराहे पर सुबह से रात तक पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं।
इसके बावजूद बीएलडब्ल्यू गेट से ककरमत्ता आरओबी (दोनों सर्विस लेन भी) होते हुए बनारस रेलवे स्टेशन तक वाहन लेकर चलना आसान काम नहीं है। जबकि, अब सड़क पहले से ज्यादा चौड़ी हो गई है और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई भी की जा रही है।
ककरमत्ता पुल की चौड़ाई कम, मंडुवाडीह चौराहा संकरा
रिटायर्ड सिविल इंजीनियर जयशंकर प्रसाद ने कहा कि भिखारीपुर से ककरमत्ता आरओबी तक सड़क अब पर्याप्त चौड़ी है। उसकी तुलना में ककरमत्ता आरओबी की चौड़ाई कम है। ककरमत्ता आरओबी से उतरते ही मंडुवाडीह इलाके की सड़क फिर पर्याप्त चौड़ी है।
इसके बाद फिर मंडुवाडीह चौराहा संकरा है और उससे थोड़ा आगे बढ़ते ही सड़क फिर पर्याप्त चौड़ी है। इस तरह से ककरमत्ता आरओबी और मंडुवाडीह चौराहा बॉटल नेक का काम करते हैं और इसके चलते भीषण जाम लगता है।
इन उपायों से मिल सकती है थोड़ी राहत
- सेंट जांस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से संबंधित सभी वाहन बीएलडब्ल्यू कैंपस के अंदर खड़े हों। मुख्य सड़क के किनारे वाहन न खड़े हों।
- बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के सामने सड़क पर अतिक्रमण कर लगने वाले ठेले अभियान चलाकर हटाए जाएं। ऑटो और ई-रिक्शा सड़क पर न खड़ा होने दिया जाए।
- ट्रैफिक पुलिस का एक मोटरसाइकिल दस्ता बीएलडब्ल्यू गेट से बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार तक समय-समय पर गश्त करता रहे।
- बीएलडब्ल्यू गेट से ककरमत्ता आरओबी के बीच डिवाइडर के अनावश्यक कट बंद किए जाएं।
ककरमत्ता आरओबी के भिखारीपुर तक विस्तार का प्रस्ताव
एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि ककरमत्ता आरओबी को भिखारीपुर तिराहा तक विस्तार देने का प्रस्ताव दिया गया है। इससे हमारे पास दो मार्ग के विकल्प उपलब्ध हो जाएंगे। फिलहाल, पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर जाम की समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।