वाराणसी में 15 और कोरोना संक्रमित, 267 हुई मरीजों की संख्या; दस नए हॉट स्पॉट बने
वाराणसी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में तैनात स्वास्थ्य कर्मी और उनकी पत्नी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। बृहस्पतिवार को उनकी दो बेटियों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, गुड़गांव से आने वाले 9 प्रवासियों और चार अन्य लोगों की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसमें एक मरीज की मौत के बाद कोरोना की पुष्टि हुई। उधर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती आठ मरीजों की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
आईएमएस बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी लैब से स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार को 235 लोगों की रिपोर्ट मिली है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि जिन 15 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसमें एक की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि बाकी 14 को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। पॉजिटिव मरीजों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर के 46 वर्षीय सफाई कर्मी और उसकी 40 वर्षीय पत्नी संक्रमित है। दो दिन पहले इनकी दोनों बेटियां भी संक्रमित हो चुकी हैं।
सिगरा के बादशाह नगर निवासी नई सड़क में चश्मे की दुकान करने वाले 42 वर्षीय मरीज और चौक थाने के काशीपुरा में क्लीनिक चलाने वाले 46 वर्षीय के साथ ही मच्छोदरी में रद्दी कागज का व्यापार करने वाले पांडेपुर लालपुर के कमलानगर कॉलोनी में रहने वाले 54 वर्षीय व्यक्ति में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
जिन नौ प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसमें गुड़गांव में ट्रेवल एजेंसी में काम करने वाले भेलूपुर के जानकीनगर बजरडीहा निवासी 29 वर्षीय और मुंबई से ट्रेन से वाराणसी आई सोलापुर के दानगंज निवासी 52 वर्षीय महिला के साथ ही दिल्ली से प्राइवेट कार से वाराणसी आए सुंदरपुर के बटुआपुर निवासी 40 वर्षीय मरीज और उनकी 38 वर्षीय पत्नी और 12 वर्ष के बच्चे में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
इसके साथ ही दिल्ली में ही सिंचाई विभाग के कर्मचारी मोतीझील महमूरगंज निवासी 32 वर्षीय युवक और दिल्ली से फ्लाइट से वाराणसी आए गृह मंत्रालय में सहायक निदेशक पद पर तैनात मंडुवाडीह के नाथूपुर नई बस्ती निवासी 57 वर्षीय व्यक्ति में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
सीएमओ ने बताया कि इसके अलावा ग्रेटर नोएडा से ट्रेन से वाराणसी आये चौबेपुर के डिकापुर निवासी 49 वर्षीय, मुंबई में शिक्षक और फ्लाइट से वाराणसी आई शिवपुर के प्रज्ञा पुरी निवासी 30 वर्षीय महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को नए मरीज मिलने के बाद 10 नए हॉट स्पॉट बनाए गए, जिसके बाद हॉट स्पॉट की कुल संख्या 137 हो गई है। अब तक जिले में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 267 हो गई है।