UP Election 2022: महोबा में इन मुद्दों पर भिड़ीं राजनीतिक पार्टियां, सपा नेता ने कहा- 2022 में योगी बाबा की विदाई निश्चित
चाय पर चर्चा, युवाओं और महिलाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए महोबा का चुनावी माहौल गर्म है। शुक्रवार को यहां विपक्षी राजनीतिक दलों ने वर्तमान सरकार पर जमकर निशाना साधा तो वहीं भाजपा ने भी तगड़ा पलटवार किया। चाय पर चर्चा, युवाओं और महिलाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, और प्रसपा के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी ने अपने उन एजेंडों के बारे में भी बताया, जिसे लेकर वह जनता के बीच वोट मांगने जाएंगे। पढ़िए किस नेता ने क्या कहा?
भाजपा ने गिनाए मुद्दे
भाजपा के जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से योगी जी की सरकार बनी है, लगभग साढ़े चार वर्षों में जितना विकास हुआ है, उतना विकास पिछले 70 वर्षों में नहीं हुआ है। इससे पहले जो विकास होतेथे वो कागजी होते थे। भाजपा नेता ने कहा कि यहां सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं भले ही वो विकास का नाम न लें मगर वो लोग भी लाभार्थी के श्रेणी में आते हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कहीं किसी का चेहरा नहीं देखाजा ता है और न किसी की जाति पूछी जाती है। उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर निःशुल्क दिए जा रहे हैं। किसी के घर में अगर बिजली कनेक्शन नहीं है तो सौभाग्य योजना के अंतर्गत बिजली विभाग के लोग कुंडी बजाकर बिजली कनेक्शन दे रहे हैं। हमारी सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक का स्वास्थ्य योजना, हेल्थ इंश्योरेंस, टीकाकरण, राशन आदि देने का काम किया। वर्तमान सरकार ने सपा, बसपा और कांग्रेस में कोई भेदभाव नहीं किया।
सपा ने दिया जवाब
सपा के जिला अध्यक्ष प्राण सिंह यादव ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से किसान और नौजवान परेशान हैं। इस सरकार में लगभग 125 किसानों ने आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या कर ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने सबके घर जाकर आर्थिक मदद की थी। सपा की सरकार बनेगी तो इन सभी किसान परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। हमारी सरकार ने 18 लाख युवाओं को लैपटॉप देने का काम किया। भाजपा नेता ने 125 किसानों की आत्महत्या के जवाब में कहा कि ये इनके आंकड़ें हैं। जहां तक लैपटॉप की बात है तो इन्होंने कुछ बांटे होंगे। चेहरा देखकर पार्टी के लोगों ही दिए होंगे। हमारी सरकार स्नातक के छात्र छात्राओं को लैपटॉप देने वाली है।
क्या बोले कांग्रेस नेता?
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तुलसी दास लोधी ने कहा कि हमलोगों का जो मुद्दा है, जिसे लेकर हम जनता के बीच जाएंगे, उनमें चुनाव में महिलाओं की भागीदारी, आशा बहुओं को 10 हजार मानदेय, आंगनवाड़ी को 10 हजार मानदेय, किसी भी मरीज को इलाज के लिए 10 लाख रुपये आदि शामिल हैं। बिजली के मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने कहा कि बिजली कहीं नहीं पहुंची पर बिल पहुंच जाते हैं। फ्री में जिन्हें बिजली देने की बात कही गई थी उनके यहां बिजली ही नहीं पहुंची है।
भाजपा नेता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी 22-22 घंटे बिजली आ रही है। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि योगी सरकार में आज गुंडागर्दी पर लगाम लग गया है। पिछली सरकार में क्या हालात थे ये सबको पता है। योगी जी ने पूरी तरीके से गुंडागर्दी खत्म कर दी। सपा की एक महिला कार्यकर्ता ने कहा कि शिक्षा, बिजली, पानी बुनियादी समस्या है और इसमें भाजपा पीछे है। बिजली की समस्या है लेकिन अभी सही आ रही है क्योंकि चुनाव नजदीक है। इस पर भाजपा नेता ने जवाब देते हुए कहा कि बिजली मिलती भी होगी ते ये माइक के सामने नहीं बोलेंगी।
सपा नेता ने कहा कि जिस उज्जवला योजना पर भाजपा सरकार इतराती है, वह 400 का सिलेंडर 1000 रुपये का हो गया है। भाजपा पूरी तरह से भ्रष्ट पार्टी है। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि इस सरकार में गुंडागर्दी बंद हो गई है तो सपा में इसकी भौखलाहट है। वहीं, प्रसपा के जिला अध्यक्ष लईक अहमद ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव के बीच बातचीत हो गई है, दोनों अध्यक्षों के बीच जो निर्णय होगा उसे स्वीकार किया जाएगा। सपा नेता ने जानवरों के खुलेआम घूमने का मुद्दा उठाया। गाय और सांड सड़क पर खुलेआम घूम रहे हैं। इस पर भाजपा ने कहा कि गौशाला की व्यवस्था की गई है। इस पर सपा कार्यकर्ता ने कहा कि आप कागज उठाकर देख लीजिए कहीं गौशाला नहीं है।
कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने कहा कि सबसे पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा पर बात होनी चाहिए। इस पर भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कहा कि प्रियंका जी कहती हैं लड़की हूं लड़ सकती हूं...वो 49 साल की हैं। वो कहें 'चाची हूं लड़ सकती हूं'। रोजगार के मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि 2016 में एक ही जाति के लोगों को नौकरी मिलती थी। वहीं, एक शख्स ने जिला अस्पताल में डॉक्टर न होने की बात कही। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पहले से बेहतर है। कोरोना काल में हमारे यहां न ऑक्सीजन की कमी हुई और न ही विस्तर में कमी हुई। यहां बहुत कमियां थी, अब बेहतर हुआ है। इस सरकार में साढ़े चार लाख नौकरियां दी गई। सपा सरकार में सैफई से जिन लोगों के बारे में कॉल जाती थी केवल उन्हें ही नौकरी मिलती थी। सपा के एक कार्यकर्ता ने कहा कि 2022 में योगी बाबा की विदाई निश्चित है।