पुरवा। सीएचसी की आरबीएसके टीम ने शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गढ़ाकोला में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 159 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 13 छात्राओं में नेत्र दोष मिलने पर उन्हें शनिवार को चश्मे के परीक्षण के लिए सीएचसी बुलाया गया है।
डॉ. विनीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में डॉ. शिल्पी, नेत्र सहायक उपासना द्विवेदी और अर्चना वर्मा ने छात्राओं की जांच की। डॉ. विनीत प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में सात छात्राओं के दांत में कीड़े, नौ में महिला संबंधी, चार में त्वचा संबंधी समस्या मिली। वहीं, एक-एक छात्रा में बुखार और दर्द की शिकायत पाई गई। सभी को आवश्यक दवाएं दी गईं। नेत्र परीक्षण में 13 छात्राओं को धुंधला दिखाई देने और कम दिखने की समस्या मिली। उन्हें शनिवार को सीएचसी में चश्मे के परीक्षण के लिए बुलाया गया है। विद्यालय की वार्डन कविता तिवारी ने बताया कि छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं।