अचलगंज। कस्बे के रामेश्वर मंदिर में नव युवक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से सोमवार की रात जगराते का आयोजन किया गया। इसमें गायकों ने भजनों और कलाकारों ने झांकियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शुरुआत मां भगवती की ज्योति जलाने के बाद गायक मुकुल पांडेय ने गणेश वंदना से की। गायिका अलका गुप्ता ने ‘मां रक्षा करो, भवानी मां रक्षा करो’, व रिचा पांडेय ने ‘जो भी दरबार में आया, वो अब तुम्हारा है’, गाकर तालियां बटोरी। शिवम पंडित के ‘मैया जी मेरी नौकरी पक्की करो’ गीत को लोगों ने खूब सराहा।
भजनों के साथ बीच में कलाकारों ने राधा-कृष्ण समेत अन्य देवी देवताओं की संगीतमय झांकियां पेश की। इन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मंगलवार की सुबह तारारानी की कथा और प्रसाद वितरण के साथ जागरण का समापन हुआ। विष्णु सोनी, लल्लू लाल, प्रदीप गुप्ता, अजय गुप्ता, अनिल सहारा, अंकित प्रजापति भी मौजूद रहे।