फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   unnao block pramukh chunav 2021 election:

उन्नाव ब्लॉक प्रमुख चुनाव: बांगरमऊ में सपा का कब्जा बरकरार, फतेहपुर चौरासी में भाजपा ने दर्ज की जीत

Sat, 10 Jul 2021 09:50 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उन्नाव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उन्नाव Published by: शिखा पांडेय Updated Sat, 10 Jul 2021 09:50 PM IST
सार

बांगरमऊ में सपा समर्थित और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख सुनीता दिवाकर ने 72 मत पाकर भाजपा के विवेक सिंह को 64 मतों से हराया। सुनीता पांचवी बार ब्लॉक प्रमुख बनीं हैं। फतेहपुर चौरासी से भाजपा समर्थिक मनोज निषाद ने सपा के शिवशंकर को 21 मतों से हराया।

विज्ञापन
unnao block pramukh chunav 2021 election:
उन्नाव ब्लॉक प्रमुख चुनाव के विजेता प्रत्याशी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उन्नाव जिले में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के जारी परिणामों में बांगरमऊ में जहां सपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा। वहीं फतेहपुर सीट भाजपा के खाते में गई। शनिवार को 11 ब्लॉक प्रमुख सीट पर मतदान व मतगणना संपन्न हुई। बांगरमऊ में सपा समर्थित और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख सुनीता दिवाकर ने 72 मत पाकर भाजपा के विवेक सिंह को 64 मतों से हराया।
विज्ञापन


सुनीता पांचवी बार ब्लॉक प्रमुख बनीं हैं। फतेहपुर चौरासी से भाजपा समर्थिक मनोज निषाद ने सपा के शिवशंकर को 21 मतों से हराया। मनोज को 46 वोट मिले। पांच मत अवैध घोषित हुए। हसनगंज ब्लॉक में निर्दलीय मीरा यादव को 44 और भाजपा की दिप्ती शुक्ला को 38 वोट मिले।
विज्ञापन


चाम मत अवैध रहे। चुनाव में मीरा छह वोट से विजयी घोषित हुईं। सुमेरपुर से सत्तादल के ही दो प्रत्याशी नीरू सिंह व सीमा बाजपेई मैदान में थे। भाजपा ने यहां किसी को भी प्रत्याशी नहीं बनाया था। यहां सीमा को 37 व नीरू को 36 वोट मिले। तीन वोट अवैध पाए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


एआरओ ने सीमा को विजयी घोषित किया। वहीं औरास में निर्दलीय ज्ञानेंद्र सिंह ने 43 मत पाकर भाजपा समर्थित भूपेंद्र प्रताप सिंह को 14 वोट से हराया। मियागंज में निर्दलीय प्रत्याशी धर्मेंद्र सिंह ने भाजपा समर्थित ऊषा देवी पत्नी बलबीर सिंह को दो मतों से हराया।

धमेंद्र को 41 वोट मिले। सिकंदरपुर कर्ण में निर्दलीय प्रेम सिंह चंदेल ने भाजपा समर्थित शिवाकांत शुक्ला को तीन वोटों से हराया। प्रेम को 31 वोट मिले। यहां सपा जिलाध्यक्ष की पत्नी पुष्पा देवी भी मैदान में थीं, वे 23 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहीं।

चार मत अवैध घोषित हुए। बीघापुर में भाजपा समर्थित पुष्पा पासवान ब्लॉक प्रमुख बनीं। उन्होंने सपा की मीना देवी को पांच मतों से हराया। पुष्पा को 29, मीना को 24 और एक अन्य प्रत्याशी श्रीकांती को 3 वोट मिले। 12 मत अमान्य घोषित किए गए।

पुरवा में भाजपा समर्थित सतीश चौधरी 36 मत पाकर विजयी रहे और सपा की रामदेवी को 25 वोट हासिल हुए। एक मत अवैध रहा। नवाबगंज में भाजपा की रोशनी ने 53 मत पाकर जीत दर्ज की। निर्दलीय रजाका को 36 वोट मिले। एक वोट अमान्य रहा। असोहा से सपा समर्थित बीतेंद्र यादव ने भाजपा के आनंद गुप्ता को 16 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। बीतेंद्र को 46, आनंद गुप्ता 30 मत मिले। जबकि एक मत अवैध रहा।  

पांच ब्लॉकों में निर्विरोध चुने जा चुके हैं प्रमुख
बिछिया से नीरज गुप्ता, सिकंदरपुर सरोसी से कुशला देवी, हिलौली से दिलीप दीक्षित, सफीपुर से निर्मला रावत व गंजमुरादाबाद से संध्या पटेल निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हो चुकी हैं।

कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी को सीडीओ ने पीटा 

मियागंज ब्लॉक के बाहर हो रहे उत्पात का कवरेज करना मीडियाकर्मी को भारी पड़ गया। सीडीओ ने भीड़ खदेड़ने के दौरान कवरेज कर रहे मीडियाकर्मी को भी दौड़ाकर पीटा। उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने भी मीडियाकर्मी से मारपीट की। वहीं भगदड़ में कई मीडियाकर्मियों को चोटें आईं हैं।

इसके बाद नाराज मीडियाकर्मियों ने लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर ब्लॉक के सामने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी ने समझाने का प्रयास किया पर मीडियाकर्मियों ने सीडीओ पर रिपोर्ट और निलंबन की कार्रवाई के बाद ही धरने से हटने की बात कही। 

चुनाव के चलते मियागंज ब्लॉक अतिसंवेदनशील था। इसके बाद भी यहां सुबह से ही राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं का उत्पात जारी था। निर्दलीय व अन्य दलों के बीडीसी को परिसर के बाहर खदेड़ा जाता रहा। लगभग डेढ़ बजे परिसर के बाहर एक बीडीसी को पहले जमकर पीटा गया फिर कुछ लोगों ने कार में जबरन बैठाने की कोशिश की, उसके शोर मचाने पर वहां मीडियाकर्मी पहुंच गए।

तब तक पुलिस ने बीडीसी को छुड़ाकर अगवा करने वाले कार सवारों को भगा दिया। मौके पर अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। वहां लगी भीड़ को खदेड़ने के लिए सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने लाठी चलानीं शुरू की। तभी उसकी कवरेज मीडियाकर्मी कृष्णा तिवारी करने लगा।

जिससे झल्लाए सीडीओ ने सार्वजनिक रूप से उसे पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद एक अन्य युवक आया और उसने भी मीडियाकर्मी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान अन्य पुलिस अधिकारी तमाशा देखते रहे। लाठी चार्ज व भगदड़ से कई मीडियाकर्मी चुटहिल हुए। घटना से गुस्साए मीडियाकर्मी ब्लाक के सामने ही धरने पर बैठ गए।

सूचना पर पहुंचे डीएम व एसपी ने समझाने की कोशिश की लेकिन मीडियाकर्मी सीडीओ पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कृष्णा तिवारी ने सीडीओ व दूसरे युवक के खिलाफ डीएम को तहरीर दी है। डीएम के कार्रवाई के निर्देश पर मीडियाकर्मियों ने धरना समाप्त किया। वहीं पुरवा में भी पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा।

कलक्ट्रेट में भी धरना, समर्थन में आए संगठन के लोग 
घटना से आक्रोशित मीडियाकर्मियों ने कलक्ट्रेट परिसर में भी धरना देते हुए सड़क जाम कर दी। यहां हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री विमल द्विवेदी व बजरंग दल के रघुवंशमणि त्रिवेदी समेत अन्य हिंदू संगठनों के लोग भी पत्रकारों के समर्थन में उतर आए। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं पुरवा, सफीपुर तहसील व अन्य स्थानों में विरोध प्रदर्शन हुए। 

एक अन्य पत्रकार को कार से कुचलने की कोशिश 
पुलिस को सूचना मिली कि ब्लाक परिसर से दो किमी दूर सरंभा पुलिया के पास एक बीडीसी से मारपीट हो रही है। यहां पुलिस के साथ मीडियाकर्मी भी पहुंचे। हालांकि यहां से सब निकल चुके थे। आरोप है कि वहां से मीडियाकर्मी राजा राजपूत साथी कृष्णा तिवारी के साथ बाइक से ब्लाक की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक कार ने राजा को कुचलने का प्रयास किया। कार से उतरे 6-7 युवकों ने कृष्णा से मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिए। मारपीट करने वाले भगवा रंग का गमछा गले में डाले थे। 

नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख के बेटे को पीटा, विरोध पर लाठी चार्ज 
चकलवंशी। मियागंज नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह का आरोप है कि मतदान के दौरान पुलिस व विपक्ष के लोगों ने उसके बेटे अभय सिंह को बेरहमी से पीटा। परिणाम घोषित होने के बाद शाम लगभग 6 बजे धर्मेद्र अपने समर्थकों व भाई देवेंद्र के साथ ब्लाक के सामने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। जिस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर सभी को खदेड़ा। लाठी चार्ज में धमेंद्र पक्ष के कई लोगों को चोटें आई हैं। 

डीएम एसपी करते रहे निरीक्षण, होता रहा बवाल 
मियागंज ब्लॉक प्रमुख चुनाव में बीडीसी को अगवा करने, मारपीट किए जाने की सूचना पर तीन बार डीएम और एसपी  मौके पर पहुंचे और जांच कर कुछ न मिलने की बात कह लौट गए। जबकि एक बीडीसी को अगवा करने के प्रयास में उसका खेतों में भागते हुए वीडियो भी वायरल हुआ है। 

प्रियंका गांधी ने किया ट्वीट 
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीटर पर मीडियाकर्मी से मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है। फेसबुक पर भी उन्होंने घटना के संबंध में पोस्ट की। वहीं सपा एमएलसी सुनील साजन ने भी सरकार पर निशाना साधा। 

पत्रकार के साथ मारपीट करने वाले सफेदपोश का नाम अंकुर यादव है। वह किस दल से इसकी जानकारी जुटाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। पत्रकार को पीटने में उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - आनंद कुलकर्णी, एसपी 

पत्रकार के साथ मारपीट का एक वीडियो वारयल हुआ है, जिसमें सीडीओ दिव्यांशु पटेल पत्रकार से मारपीट, अभद्रता करते दिख रहे हैं। पत्रकार कृष्णा द्वारा तहरीर दी गई है। जांच करा निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ के अलावा पत्रकार से मारपीट करने वाले सफेदपोश को हिरासत में लिया गया है। - रवींद्र कुमार डीएम 


4 घंटे लगा रहा जाम 
धरने के दौरान लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गई। धरना समाप्त होने तक लगभग 4 घंटे जाम लगा रहा। इस दौरान राहगीर व आवागमन कर रहे लोग गर्मी से जूझते रहे। धरना खत्म होने के बाद पुलिस ने आवागमन शुरू कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed