पुलिस जीप से दो शराबी नदी में कूदे, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौरावां/उन्नाव। मौरावां पुलिस शुक्रवार को दो पियक्कड़ों को हिरासत में लेकर जीप में ला रही थी। रास्ते में दोनों पुलिस की जीप से कूदकर भाग गए। पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों सई नदी में कूद गए। पुलिस नदी के किनारे खड़े तमाशा देखी रही और एक युवक की डूबकर मौत हो गई, जबकि दूसरा तैरकर नदी पार कर गया। शनिवार सुबह युवक का शव मिला। मृतक रायबरेली जिले का रहने वाला था। परिजनों ने पुलिस की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाया है। घटना में एसपी ने एक दरोगा और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। घटना की जानकारी होने पर एएसपी और हसनगंज सीओ मौके पर पहुंचकर जांच की।
रायबरेली जिले की सीमा से सटे मौरावां थानाक्षेत्र के गांवों में कच्ची शराब बनाने और बेचने का अवैध कारोबार होता है। शुक्रवार शाम को मौरावां थाना में तैनात दरोगा रविंदर सिंह, सिपाही केशवराम, प्रवीण कुमार और चंद्रशेखर शुक्ला केदारखेड़ा गांव में दबिश देने के लिए पहुंचे तो वहां पर भगदड़ मच गई।
पुलिस ने रायबरेली जिले के बछरावां थानाक्षेत्र के कुर्री सुदौली निवासी राजेंद्र (32) और सुरजीत नाम के युवक को हिरासत में लेकर जीप में डाल लिया। पुलिस दोनों को जीप से थाने लेकर आ रही थी तभी केदारखेड़ा गांव के बाहर निकलते ही दोनों पुलिस की जीप से कूदकर भाग निकले। पुलिस ने दौड़ाया तो दोनों ने झाड़ियों में छिपने का प्रयास किया बाद में दोनों सई नदी में कूद गए।
ग्रामीणों के मुताबिक सुरजीत तो नदी तैरकर उसपार चला गया मगर राजेंद्र कुमार नदी में डूब गया और पुलिस नदी किनारे खड़े तमाशा देखती रही। काफी देर तक राजेंद्र के बाहर न निकलने पर मौके से निकल गई। सुबह राजेंद्र का शव नदी में उतराता देख गया। सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी माया ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति काफी गुस्सा है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बुग्गा से तहरीर लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया। एएसपी रामकिशुन यादव और सीओ हसनगंज एके सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। घटना में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद एसपी महेंद्र पाल सिंह ने दरोगा और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद एसपी रात तक कई और लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।