उन्नाव में गंगा नहाने गए तीन दोस्त डूबे: नमामि गंगे घाट पर डूबकी लगा रहे थे तीनों, एक की बची जान; दो लाश बरामद
परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने उन्हें शव सौंप दिया। दोनों युवकों के शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के उन्नाव स्थित गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में नमामि गंगे घाट के पास रविवार को गंगा में नहाते समय तीन दोस्त गहराई में जाने से डूब गए। हो-हल्ला मचने पर वहां मौजूद गोताखोरों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन दो का पता नहीं चला। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई तो गंगा में कुछ दूरी पर डूबे दोनों युवक मिल गए। दोनों को अस्पताल भेजा गया, वहां डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने उन्हें शव सौंप दिया। तीनों युवक गहरे दोस्त थे, कानपुर के हमराज कॉप्लेक्स में प्राइवेट नौकरी करते थे।
शुक्लागंज के गांधीनगर मोहल्ला निवासी रमेश शर्मा का पुत्र मिलन शर्मा (18), कानपुर के बांसमंडी निवासी निजाम का पुत्र शाबान (18) और कानपुर के मनीराम बगिया निवासी रामजी गुप्ता का पुत्र रवि गुप्ता (33) रविवार को शुक्लागंज के नमामि गंगे घाट के पास गंगा में नहा रहे थे। नहाते समय गहराई में जाने से तीनों डूबने लगे।
शोरगुल सुनकर वहां मौजूद गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाकर रवि गुप्ता को बचा लिया। मिलन व शाबान का पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से फिर से तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद घाट से कुछ दूरी पर डूबे मिलन व शाबान को गोताखोर निकालकर बाहर लाए। दोनों को पास के एक अस्पताल में भेजा गया, वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने उन्हें शव सौंप दिया। दोनों युवकों के शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि तीनों गहरे दोस्त थे और रवि के कहने पर सभी गंगा नहाने चले गए। इस दौरान घाट पर पहुंचे मिलन और शाबान के परिजनों ने रवि को खूब खरी-खोटी भी सुनाई। इसके बाद रवि मौके से निकल भागा।