उन्नाव। विकास कार्यों और कोरोना काल में हुई खरीद में गोलमाल का आरोप लगा जांच की मांग कर रहे सभासद सोमवार को भी धरने पर बैठे। कहा कि उन्होंने ईओ के तबादले की नहीं जांच की मांग की थी। जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक धरना जारी रखेंगे। इस दौरान टैक्स सहित अन्य अनुभागों में काम बंद कराया।
शहर में विकास कार्य, गृह व जलकर में गई बेेतहाशा वृद्धि, नाला सफाई सहित अन्य नगरीय सुविधाओं की मांग और नगर पालिका में हुए घालमेल की जांच की मांग को लेकर दो जुलाई से जारी सभासदों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। सुबह टैक्स विभाग सहित अन्य कार्यालयों में काम काज बंद कराया इसके बाद दोपहर दो बजे तक ईओ कार्यालय कक्ष के बाहर धरना दिया। मालूम हो कि सभासदों का आरोप है कि कोरोना काल में चूना, सैनिटाइजर, फागिंग के नाम पर लाखों का गोलमाल हुआ है। दो वाहनों की मरम्मत कराकर दस का खर्चा निकाला गया है। वाहन चालकों व अन्य संविदा कर्मियों को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। अगुवाई कर रहे सभासद संजय त्रिवेदी ने बताया कि जबकर जांच नहीं की जाएगी धरना जारी रहेगा। ब्रजेश वर्मा, लोकईया बेगम, अमित सिंह बउवा, वकार, मेराज, शीबू, ब्रजेश पांडेय सहित अन्य सभासद शामिल रहे।