उन्नाव। कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में डीएम रवींद्र कुमार ने मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अतिरिक्त लेबर बजट एवं उससे संबंधित प्रस्तावों की जानकारी ली। पूर्व में अनुमोदित लेबर बजट के सापेक्ष कितने विभागों की पत्रावलियां व प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं इसकी समीक्षा की।
डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिरिक्त लेबर बजट के सापेक्ष एवं अनुमोदित बजट के अनुसार कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर सीडीओ कार्यालय में उपलब्ध करा दें। जिससे उन प्रस्तावों पर स्वीकृतियां जारी की जा सकें। डीएम ने पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, आरईडी, लघु सिंचाई एक्सईएन, जिला उद्यान अधिकारी समेत अन्य को गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, परियोजना निदेशक जनार्दन सिंह, डीपीओ दुर्गेश प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।