उन्नाव। कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत कायाकल्प की तीन सदस्यीय टीम ने जिला पुरुष अस्पताल का निरीक्षण किया। पूर्व से निर्धारित चेक लिस्ट के आधार पर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वार्ड व अस्पताल परिसर में गंदगी देख नाराजगी जताई। सीएमएस को वार्डों और परिसर को स्वच्छ रखने के लिए कहा।
लखनऊ से डॉ. वंदना के नेतृत्व में आई तीन सदस्यीय टीम ने जिला पुरुष अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर, लेबर वार्ड, जनरल वार्ड, ओपीडी, पैथोलॉजी देखी। अस्पताल में साफ-सफाई, कोरोना संक्रमण से बचाव और संसाधनों के रख रखाव की स्थिति देखी। टीम ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था में और सुधार लाने की बात सीएमएस डॉ. पवन कुमार से कही। टीम में शामिल सदस्यों ने मरीजों व अस्पताल स्टाफ से भी बातचीत की और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। टीम ने कायाकल्प अवार्ड योजना से संबंधित समस्त दस्तावेजों की जांच की। टीम को चिकित्सालय के सभी विभाग में मानक पूरे मिले। इस दौरान डॉ. आलोक, सीएमओ कार्यालय से डॉ. पुष्पा भी मौजूद रहीं।