उन्नाव। 108,102 व एएलएस एंबुलेंस कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने छह सूत्री मांगों को लेकर जिला अस्पताल परिसर में धरना दिया। सीएमओ को ज्ञापन देकर बताया कि तीन दिन में मांगों पर सुनवाई न हुई तो 25 जुलाई की रात से एंबुलेंस का संचालन बंद कर देंगे। शुक्रवार को एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस का संचालन नहीं किया।
एंबुलेंस कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि एनएचएम की मिलीभगत से कर्मचारियों को साजिशन निकाला जा रहा है। 19 जुलाई को जिगित्सा हेल्थ कंपनी ने कर्मचारियों ने कहा कि वह पुराने कर्मचारियों को रखने में सक्षम नहीं है। हमारी मांग है कि एएलएस एंबुलेंस पर कार्यरत कर्मचारियों को कंपनी बदलने पर कर्मचारियों को न बदला जाए। अनुभवी कर्मचारियों को ही रखा जाए। कोरोना महामारी के दौरान अग्रणी भूमिका निभा रहे कोरोना योद्धाओं, कोरोना वारियर्स, एंबुलेंस कर्मचारी को ठेकेदारी से मुक्त किया जाए। कोरोना काल में मौत पर आश्रितों के परिवारों को बीमा राशि 50 लाख रुपये करने की मांग शामिल है। मांग न मानी तो 25 जुलाई की रात से एएलएस के साथ 108 व 102 एंबुलेंस का संचालन बंद कर दिया जाएगा। धरने में जिला महामंत्री संदीप कुमार पाल, कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार, आशीष यादव व संदीप गुप्ता सहित अन्य चालक व ईएमटी शामिल रहे।