फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   Four days alert in the district due to heavy rain and lightning

Unnao News: तेज बारिश और बिजली गिरने को लेकर जिले में चार दिन का अलर्ट

Thu, 13 Jul 2023 11:49 PM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Thu, 13 Jul 2023 11:49 PM IST
विज्ञापन
Four days alert in the district due to heavy rain and lightning
उन्नाव। बिजली व तेज बारिश को लेकर जनपद में 13 से लेकर 16 जुलाई तक चार दिन का अलर्ट घोषित किया गया है। पहले ही दिन हसनगंज क्षेत्र में बिजली गिरने से एक किशोर झुलस गया। वहीं चपेट में आकर दो मवेशियों की मौत हो गई। माखी में उपकेंद्र के नजदीक पोल पर बिजली गिरने से कई गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। वहीं बारिश से शहर से लेकर गांव तक भीषण जलभराव हो गया। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन


हसनगंज के भगवंतखेड़ा निवासी रामखेलावन का 15 वर्षीय पुत्र दीपक सुबह पांच बजे खेत की तरफ गया था। तभी अचानक से बिजली कडक़ी तो वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। बिजली पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आकर दीपक झुलस गया। परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। दूसरे घटना नसरतपुर जंगलेमऊ में राजू अवस्थी के घर के बाहर बंधे मवेशियों पर बिजली गिर गई जिससे दो मवेशियों की मौत हो गई। समदपुर भावा गांव में जीतेंद्र यादव उर्फ जीतू के घर पर बिजली गिरने से दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एसडीएम नवीन चंद्र ने बताया कि जो भी जन व मवेशी हानि हुई है, उसकी जांच के लिए लेखपालों को आदेशित कर दिया गया है।
विज्ञापन


वहीं चकलवंशी में तहसील हसनगंज के माखी विद्युत उपकेंद्र से सौ मीटर दूर 11 हजार लाइन के खंभे पर आकाशीय बिजली गिरी। जिससे उपकेंद्र के संयंत्रों में खराबी आ गई और करीब एक सैकड़ा गांवों की आपूर्ति बंद हो गई है। उपकेंद्र प्रभारी आकाश सिंह ने बताया कि नौ खंभों के 27 इंसुलेटर जल गए हैं। जिनको बदला जा रहा है। जल्द लाइन सही करके आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। वहीं खंभे के पास माखी निवासी कन्हैयालाल गौर के बने घर पर भी बिजली गिरी। जिससे मकान के अंदर सो रहे कन्हैयालाल गौर, उनकी पत्नी अनीता सिंह, तीन बेटे आशीष सिंह, पीयूष सिंह, नितिन सिंह, बेटी अंजली सिंह और बहू ज्योति सिंह दहशत में आ गए। घर में लगी बिजली वायरिंग और कई उपकरण जल गए। मकान का कई जगह प्लास्टर गिर गया और दीवार में दरार आ गई है। छत पर बैठा एक पक्षी गंभीर रूप से झुलस गया। कोई जनहानि नहीं हुई। परिजनों ने लेखपाल को सूचना दी है। वहीं आसीवन थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी बैजनाथ के गांव के बाहर पोल्ट्री फार्म पर बिजली गिरी। जिससे वहां पर सो रहा बैजनाथ का भतीजा प्रवीण कुमार बाल बाल बच गया। बैजनाथ ने बताया कि एक तरफ की फूस से बनाई गई दीवार झुलस गई। फार्म में मुर्गी के बच्चे नहीं थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


जिले में पिछले 24 घंटे में औसत 57 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। सबसे ज्यादा सफीपुर तहसील में 120 एमएम पानी बरसा। हसनगंज में 95 और सदर में मात्र 13 मिमी ही बारिश हुई। इससे शहर से लेकर गांव तक भीषण जलभराव होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इस बारिश से बांगरमऊ कोतवाली परिसर की सौ फिट दीवार पलट गई।

गुरुवार सुबह से शाम तक रुक, रुककर बारिश होती रही। इससे शहर के मोहल्ला कल्याणी देवी, खजुरियाबाग, मोतीनगर, कृष्णा नगर, पूरन नगर, अनवार नगर, पीतांबर नगर सहित अन्य मोहल्लों में जलभराव हो गया। लोग गंदगी और जलभराव के बीच मंझाकर निकलने को मजबूर हुए। बड़ा चौराहा से लेकर छोटा चौराहा तक मुख्य मार्ग भी जलभराव की चपेट में रहा। इससे पूरे दिन जाम के हालात बने रहे। वहीं पूर्व में हुए जलभराव की निकासी न होने से ठहरे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं। नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने बताया कि जिन वार्डों में जलभराव की समस्या है। वहां पंपसेट लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। भविष्य में जलभराव न हो इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इससे निजात मिलेगी। वहीं बांगरमऊ कोतवाली परिसर की तीन माह पूर्व बनाई गई दीवार गुरुवार सुबह हुई बारिश के दौरान पलट गई। दीवार में कहीं पर भी पिलर नहीं बनाए गए थे। इसमें से लगभग सौ फिट पलट गई। मलबे में सिपाही की बाइक समेत तीन वाहन और एक ठेलिया दुकान टूट गई। बारिश से रास्ते और सीएचसी परिसर में जलभराव रहा। दुकानों में पानी भरने से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ। व्यापारियों ने पंपसेट लगाकर पानी निकलवाया।
पुरवा में गुरुवार को हुई बारिश से मोहल्ला पीराशाह नई बस्ती, राजाबाजार की कपड़ा वाली गली, ब्लाक रोड, आपूर्ति कार्यालय परिसर व शीतलगंज में जलभराव रहा। राहगीर पानी मंझाकर निकले। नालियों की सफाई न होने से पानी सडक़ों पर भर गया। वहीं नवाबगंज के शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षीविहार में बच्चों के लिए बनाए गए पार्क में पानी भर गया। बच्चे झूला झूलते हुए पार्क में भरे पानी पर छलांग लगा खूब अठखेलियां करते रहे। वन क्षेत्राधिकारी हिमंद्री कुरील ने बताया कि पार्क का ड्रेनेज सिस्टम चोक हो गया था। जिसे साफ कराया जा रहा है।

मौरावां के हिलौली उपकेंद्र से पांच फीडर क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति आठ घंटे बाधित रही। सुबह 8:25 बजे से 11:25 बजे तक कटौती तय थी। आपूर्ति चालू करने के समय हिलौली फीडर की ट्राली में अचानक खराबी आने से शाम पांच बजे तक लोगों को बिजली नहीं मिल पाई। अवर अभियंता उमेश यादव ने बताया कि हिलौली फीडर की ट्राली में तकनीकी खराबी के चलते आपूर्ति बाधित हुई। ---


नगर पालिका परिषद उन्नाव में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या की जानकारी देने के लिए कंट्रोलरूम खोला गया है। इसका नंबर 0515-2990423 है। इसमें आठ, आठ घंटे की शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिशाषी अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि लोग जलभराव की जानकारी इस नंबर पर दे सकते हैं। कर्मचारियों को आदेश दिया गया है कि वह शिकायत दर्ज करें और पटल सहायकों से संपर्क करके त्वरित निस्तारण कराएं। उधर, पुरवा तहसील प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए मुख्यालय पर कंट्रोलरूम बनाया है। जिसका प्रभारी नायब तहसीलदार शिव दर्शन सिंह को बनाया गया है। एसडीएम अतुल कुमार व तहसीलदार विराग करवरिया ने राजस्व कर्मियों से कहा कि वह अपने क्षेत्र में लोगों से संपर्क रखें। कोई समस्या आए तो कंट्रोलरूम नंबर 9454037766 पर सूचना दें। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए पूरे जिले में मुनादी कराई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed