सोनिक। दही-मोहनलालगंज मार्ग पर दरोगाखेड़ा गांव के पास शुक्रवार की शाम सात बजे वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी भांजी के घर जा रहा था। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
दही थानाक्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार (41) खेती करते थे। शुक्रवार की शाम सात बजे साइकिल से पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव में भांजी के घर जा रहे थे। दही-मोहनलालगंज मार्ग पर दरोगाखेड़ा के पास वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे गंभीर घायल हो गए।
राहगीरों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत से पत्नी अनीता, तीन बेटियों सोनम, काजल, शिवानी और बेटा शोभित बेहाल हैं। दही थानाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वाहन का पता लगाया जा रहा है।