बारासगवर। डौडियाखेड़ा से निकली डलमऊ बी पंप नहर में अधिक पानी छोड़ देने से उफना गई। सोमवार की रात मनीखेड़ा के पास सड़क कट जाने से गांव व खेतों में पानी भर गया। एसडीएम ने मरम्मत शुरू कराई लेकिन सड़क काफी गहरी होने से 24 घंटे बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली।
सोमवार रात मनीखेड़ा के पास तेज बहाव से नहर पटरी की सड़क कट गई थी। क्षेत्र के अंकित पांडेय ने मामले की जानकारी एसडीएम बीघापुर अंकित शुक्ला को दी थी। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने सबसे पहले पंप नहर का पानी बंद कराया। फिर गांव में भरे पानी को निकालने की व्यवस्था की। सड़क के कटने से मनीखेड़ा, रुकुमपुर, मोहम्मदपुर, मुबारकपुर गांव के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन गांवों के लोगों को काफी लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। एसडीएम ने बताया कि तहसील प्रशासन लगातार नजर बनाए है। फिलहाल जब तक कटान के हिस्से का निर्माण नहीं हो जाता तब तक पानी रोक दिया गया है। मजदूर लगे हुए हैं। जल्द ही आवागमन भी बहाल हो जाएगा।