उन्नाव। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर गदनखेड़ा बाईपास पर बनने वाले उपरिगामी पुल के विरोध में गदनखेड़ा जनकल्याण समिति ने राजमार्ग सड़क परिवहन मंत्री भारत सरकार को सांसद साक्षी महाराज के माध्यम से पत्र भेजा है। इस पुल को हाईवे पर बनवाने की मांग की है।
समिति के संरक्षक दिनेश वर्मा ने कहा कि लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 27) 45 साल पुराना राजमार्ग है। यह उन्नाव शहर को बाईपास करता है। उन्नाव-रायबरेली मार्ग अभी जल्द ही (एनएच 31) घोषित हुआ है जो उन्नाव के गदनखेड़ा पर हाईवे को छूता है। रायबरेली हाईवे की अपेक्षा लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अधिक यातायात है। पुल को उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बनाने की तैयारी है। इससे शहर के अंदर की बस्ती प्रभावित होगी। सैकड़ों मकान तोड़ने पड़ेंगे। अगर पुल का निर्माण लखनऊ-कानपुर हाईवे पर किया जाए तो कोई नुकसान नहीं होगा। इसके लिए एनएचएआई ने पूर्व में भूमि भी अधिग्रहीत कर रखी है। समिति के संरक्षक प्रभान शंकर दीक्षित, राजवीर सिंह चंदेल, विजय त्रिपाठी, रामेश्वर कुशवाहा, नियुष त्रिवेदी, पीएल वर्मा, वीरेंद्र मिश्रा, रमाकांत द्विवेदी मौजूद रहे।