{"_id":"0edd37aa901b5ba7416ccb5ae64c8a50","slug":"bulldozers-went-on-encroachments-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
Updated Tue, 03 Feb 2015 12:35 AM IST
विज्ञापन
भू माफिया ने सरकारी जमीन पर प्लॉटिंग कर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये में प्लॉट बेच दिए। लोगों ने अपने जीवन भर की कमाई खर्च कर मकान भी बनवा लिए। सरकारी बंजर भूमि पर कब्जे की जानकारी होने पर तहसीलदार ने सोमवार को अवैध मकानों पर बुलडोजर चलवा दिया। अधिकारी भू माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। वहीं प्लॉट खरीदारों ने भी विक्रेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला हिरन नगर स्थित 13 बीघा सरकारी जमीन पर भू-माफिया ने कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं इन्होंने लोगों को झांसा देकर प्लॉट भी बेच दिए। लोगों ने अपने जीवन भर की कमाई खर्च कर मकान बना लिए तो कुछ ने नींव भरवा ली। सरकारी जमीन पर कब्जे की जानकारी हुई तो प्रशासन ने अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। नवागत सदर तहसीलदार सुरेश कुमार राय ने सोमवार को नायब तहसीलदार रेणुका अवस्थी, लेखपाल सुनील सिंह, केके शुक्ला के अलावा नगर पालिका के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन पर नवनिर्मित आठ मकानों पर बुलडोजर चला दिया।
विज्ञापन
इस दौरान करीब दर्जन भर प्लॉट की नींव पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। मकान बनवाकर रह रहे विद्यानाथ वर्मा, उमिला, महेश, सुनीता ने अपने मकानों पर बुलडोजर चलते देखा तो फफर कर रो पड़े। उन्होंने विरोध का प्रयास किया मगर पुलिस के मौजूद होने से उनकी एक नहीं चली। लोगों ने बताया कि उन्हें नहीं मालूम था कि प्लॉट विक्रेता उन्हें जिस जमीन पर कब्जा दे रहा है वह सरकारी है। उन्होंने बताया कि घर बनाने में जीवन भर की कमाई खर्च कर दी और बनकर तैयार हुआ तो प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया।
विज्ञापन
लोगों ने बताया कि विक्रेता ने भूमि संख्या 3221 पर प्लॉट की रजिस्ट्री की थी। विक्रेता ने इसी भूमि नंबर पर प्लॉट काटकर उन्हें कब्जा दिया मगर अधिकारियों का कहना है कि जिस जमीन पर मकान बनाए गए हैं उसका नंबर 3219 है और 13 बीघा का यह रकबा सरकारी है।
तहसीलदार सुरेश कुमार राय ने बताया कि उन भू-माफिया को चिन्हित किया जा रहा है जिन्होंने गलत तरीके से सरकारी जमीन पर प्लॉटिंग कर दी। वहीं कार्रवाई होने से परेशान लोगों ने बताया कि वह उन लोगों के खिलाफ एफआईआर करेंगे जिन्होंने उन्हें बर्बाद किया है।
नगर पालिका और राजस्व विभागकर्मियों से साठगांठ कर सरकारी जमीनों पर प्लॉटिंग कर करोड़ों की कमाई कर रहे भू-माफिया इस 13 बीघा जमीन को भी बेचने में सफल हो जाते मगर नगर पालिका के नए भवन के निर्माण के लिए जमीन की तलाश शुरू हुई तो पता चला कि भूमि संख्या 3219 नंबर सरकारी बंजर जमीन पर प्लॉटिंग शुरू हो गई है। मामला संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की। हालांकि शहर में इस तरह की सैकड़ों बीघा जमीन पर अवैध कब्जे हो चुके हैं और जो बचे हैं उन पर प्लॉटिंग हो रही है।