कड़ी सुरक्षा के बीच दाखिल हुए पर्चे
ब्लाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहले चरण के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। चार ब्लाकों की 282 ग्राम पंचायतों के लिए प्रधान और सदस्य पद के लिए सोमवार को पर्चे दाखिल हुए। पहले ही दिन भारी संख्या में संभावित उम्मीदवार नामांकन कराने पहुंचे। सभी ब्लाकों में उम्मीदवारों के पर्चा दाखिल करने के लिए अलग-अलग टेबुल बनाए गए थे।मालूम हो कि 28 नवंबर को पहले चरण में सफीपुर, मियागंज, हसनगंज व सरोसी ब्लाक की 282 प्रधान और 3492 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव होना है। पहले चरण के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरु हुई। सभी ब्लाकों में निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) की देखरेख में पर्चे दाखिल किए गए। इस दौरान किसी प्रकार का बवाल न हो इसके लिए सभी ब्लाकों में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए थे। विकासखंड सिकन्दरपुर सरोसी में पहले दिन प्रधान पद के लिए 274 और सदस्य के लिए 170 नामांकन पत्र दाखिल हुए। सफीपुर में प्रधान पद के लिए 257 और सदस्य पद के लिए 340 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। यही स्थिति हसनगंज व मियागंज में भी रही। हसनगंज में प्रधान पद के लिए 2 सैकड़ा से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। सदस्य पद के लिए एक सैकड़ा से अधिक लोग पर्चा दाखिल करने पहुंचे। मियागंज में 258 प्रधान और 178 सदस्य पद के लिए नामांकन हुए।
इंसेट-1
बिछिया में नहीं पहुंचे अधिकारी
दूसरे चरण में 1 दिसंबर को चार ब्लाकों में होने वाले चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। बिछिया प्रतिनिधि के अनुसार, 16, 17, 18, 19 व 20 तारीख तक बिक्री के लिए लगाए गए काउंटरों में न्याय पंचायत पडऱी कला, रुपऊ, मुलुक गड़ार व कुइथर में अधिकारी ही नहीं पहुंचे। अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर 16 ग्राम पंचायतों के प्रत्याशी पर्चा खरीदने से वंचित रह गए। इसको लेकर विकासखंड कार्यालय में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। नवाबगंज,असोहा व हिलौली में भी भारी संख्या में भावी उम्मीदवारों ने पहुंचकर नामांकन पत्र की खरीदारी की।