रिश्ते जताने से नहीं निभाने से बनते हैं : राहुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव के चार दिन पहले बृहस्पतिवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गौरीगंज, अमेठी और जगदीशपुर में ताबड़तोड़ तीन सभाएं कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी के वादे खोखले हैं। अब तक एक भी वादा पूरा नहीं किया। यूपी के चुनाव के वक्त वे किसानों के कर्ज माफ करने का वादा कर रहे हैं जबकि यह किसी भी प्रधानमंत्री के लिए सिर्फ दो मिनट का काम है। वे जहां भी जाते हैं रिश्ता निभाने की बात करते हैं लेकिन रिश्ते जताने से नहीं निभाने से बनते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि ढाई साल पहले नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने देश के सबसे अमीर 50 परिवारों का एक लाख 40 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। विजय माल्या हिंदुस्तान में शराब बेचता था। मोदी जी ने उसका भी 1200 करोड़ कर्ज माफ कर दिया। वह इस समय लंदन में बैठा है। हमने यूपी में 50 दिन यात्रा कर दो करोड़ किसानों से उनकी समस्याओं से संबंधित फॉर्म लिए थे।
किसानों ने हमसे कहा कि मोदी जी से कहें हमारा भी कर्ज माफ कर दें। बिजली का बिल आधा कर दें। मैं मोदी से मिला और उनके सामने किसानों की बात रखी। किसानों का कर्जा माफ करने के लिए कहा लेकिन उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। मोदी जी चाहते तो दो मिनट में किसानों का कर्जा माफ कर सकते थे लेकिन उनका दिल और नीयत साफ नहीं है। उन्होंने झूठे वादे किए न किसी के खाते में 15 लाख रुपये गए और न ही दो करोड़ लोगों को रोजगार मिला।
मोदी जी जहां जाते हैं रिश्ता बनाने की बात करते हैं। वे वाराणसी गए, वहां की जनता से कहा कि मैं गंगा मां का बेटा हूं। उन्होंने वादा किया था कि मुझे एमपी बनाओ, पीएम बनाओ, मैं मेट्रो लाऊंगा, गंगा की सफाई कराऊंगा, पानी, रिंग रोड बनवाऊंगा, भोजपुरी फिल्म सिटी बनवाउंगा लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। इनके शब्द खोखले हैं। रिश्ता जताने से नहीं निभाने से बनता है।