सुल्तानपुर। भैरोपुर गांव में सोमवार की रात एक छात्र की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह जानकारी होने पर परिवारीजनों ने पुलिस को सूचित किया। घटना स्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी स्व. हुबराज का बेटा सौरभ (20) क्षेत्र के राम मिलन सिंह आईटीआई हांसापुर पांडेयबाबा में आईटीआई का छात्र था। परिवार में मां उर्मिला के साथ बहन रीना (25), रोशनी (21), काजोल (17) व शिवानी (13) हैं। सौरभ की मां उर्मिला के अनुसार सोमवार की रात करीब 10 बजे तक वह सभी से बात कर रहा था। इसके बाद सौरभ टीन शेड के कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे उर्मिला जब जगाने पहुंची तो सौरव कुछ बोला नहीं। रजाई पलटने पर उसे मृत पाया गया। शोर पर आसपास के लोग आ गए और शव को बाहर ले आए। सौरभ के गले में चोट का निशान पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सौरभ का गला घोंटा गया है। सूचना मिलने पर एसओ यादवेंद्र बहादुर ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के चचेरे भाई संतोष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।