पठानपुर में दूसरे दिन भी उपद्रव, तोड़फोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव के दिन शनिवार को पठानपुर में शुरू हुआ उपद्रव दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार सुबह लाठी-डंडे लेकर निकले मौजूदा बीडीसी समर्थकों ने दूसरे पक्ष के कई घरों पर हमला बोल दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने न सिर्फ घर में मिले दो लोगों को जमकर पीटा बल्कि तोड़फोड़ भी की। यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। उपद्रव होता रहा और गांव में पुलिस टहलती रही। रसूखदारों के समक्ष पुलिस नतमस्तक नजर आई। गांव में दहशत का आलम यह है कि राकेश पक्ष से जुड़े पुरुष गांव से पलायन कर गए हैं। उपद्रवी सपा समर्थक बताए जा रहे हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शामिल गौरीगंज तहसील क्षेत्र में शनिवार को मतदान था। मतदान के दौरान गौरीगंज ब्लॉक के पठानपुर गांव में बीडीसी का चुनाव लड़ रहे मौजूदा क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन सिंह व शोभावती सिंह के पुत्र राकेश सिंह के बीच भिड़ंत हो गई थी। भिड़ंत में करीब 10 लोगों को चोटें आईं तो दो स्कार्पियो व एक दर्जन बाइकें तोड़ डाली गई थीं। बाद में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ही डीडीसी प्रत्याशी रणवीर सिंह की स्कार्पियो व दो-तीन बाइकों को आग के हवाले करने के साथ ही कई अन्य के साथ मारपीट की गई थी। घंटों की मशक्कत के बाद अधिकारी हालात पर काबू पा सके थे। पुलिस प्रशासन की नाकामी से पठानपुर में रविवार को एक बार फिर जमकर बवाल हुआ।
रविवार सुबह लाठी-डंडों से लैस होकर दोबारा घरों से निकले पवन सिंह समर्थकों ने राकेश समर्थकों के घर पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान न सिर्फ विन्नू सिंह, स्वामीनाथ सिंह, मान सिंह, हरिश्चंद्र मिश्र और मुन्ना पांडेय के घर जमकर तोड़फोड़ की गई बल्कि मुन्ना पांडेय के पुत्र पंकज और धांधू मिश्र की घर से घसीटकर पिटाई भी की गई। जिस दौरान उपद्रवी गांव में तांडव कर रहे थे, फोर्स सड़क पर टहल रही थी। उपद्रवियों के रसूख के आगे पुलिस नतमस्तक नजर आई। लगातार दो दिन से चल रहे तांडव से गांव में इस कदर दहशत है कि अधिकतर पुरुष पलायन कर गए हैं। जो हैं भी वे घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर एक सपा नेता के समर्थक हैं।