{"_id":"5968f5894f1c1bab678b46b1","slug":"vakil-dies-in-fire-accident-in-saudi-arab","type":"story","status":"publish","title_hn":"मां...इस बार आकर मकान बनवा दूंगा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
मां...इस बार आकर मकान बनवा दूंगा
Amarujala Bureau
Updated Fri, 14 Jul 2017 10:17 PM IST
विज्ञापन
परिवार में कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
बेटा मकान की दीवार बरसात में गिर गई है। रहने की दिक्कत हो रही है।..मां चिंता मत करो जल्द आकर मकान बनवा दूंगा, बहन की शादी भी करा दूंगा। यही वह आखिरी लफ्ज थे जिसे वकील ने अपनी मां से फोन पर कहे थे। मां को क्या पता था कि बेटे से उसकी यह आखिरी बात है। दूसरे दिन ही मां को सूचना मिली कि सऊदी अरब के नाजरान में हुए अग्निकांड में उनका लाल भी जलकर मर गया। बेटे की मौत से मां और निशक्त बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक अधिकारी भी पीड़ित के घर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। परिवारीजनों को अब बेटे के शव का इंतजार है।
विज्ञापन
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के गाईमऊ गांव निवासी मोहम्मद लतीफ की शादी इसी थाना क्षेत्र के इटरौर गांव निवासी यार मोहम्मद की बेटी नूरजहां के साथ हुई थी। शादी के बाद जब नूरजहां के पिता की मौत हो गई तो वह अपनी मां सुबुहुल निशां की देखभाल के लिए पति के साथ ही मायके में आकर रहने लगी थी। शादी के बाद नूरजहां के चार संतानें हुईं। इनमें बेटा आरिफ, छोटा बेटा वकील, बेटी सईदुन निशां और कुरैशा शामिल हैं।
विज्ञापन
तीन बच्चे निशक्त हैं। बड़ा बेटा आरिफ मुंबई में काम करता है। मोहम्मद लतीफ और नूरजहां ने बेटी सईदुन व बेटे आरिफ की शादी कर दी थी। दो बच्चों की शादी के बाद अचानक लतीफ की मौत हो गई, पति की मौत के बाद वकील और कुरैशा ही मां के साथ रहते थे। परिवार पालने में जब दो वक्त की रोटी का संकट होने लगा तो वकील ने कुछ लोगों से कर्ज मांगकर सऊदी जाने की तैयारी की। तैयारियों के बाद नूरजहां बेटे वकील को मुंबई तक पहुंचाने भी गई थी। नूरजहां को क्या पता था कि बेटे से यह उसकी आखिरी मुलाकात है। पिछले मंगलवार की रात करीब 10 बजे वकील ने अपनी मां नूरजहां के पास फोन किया था। फोन पर मां ने बेटे से कहा कि बेटा कच्चा मकान गिर रहा है। एक दीवार बरसात से गिर गई है। वकील ने कहा था कि ...मां परेशान न हो। घर आऊंगा तो पक्को मकान बनवा दूंगा और बहन की धूमधाम से शादी करूंगा।
विज्ञापन
बेटे से बात हो ही रही थी कि फोन कट गया। दूसरे दिन ही बुधवार को दक्षिणी सऊदी के नाजरान शहर में एक मकान में आग लगने से 11 भारतीयों की मौत हो गई। मरने वालों में वकील भी शामिल था। वकील की मौत की सूचना सबसे पहले उसके बड़े भाई आरिफ के मोबाइल फोन पर बृहस्पतिवार को दी गई। छोटे भाई की मौत से आरिफ पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसने भाई की मौत की सूचना मां और बहन को दी। उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभय कुमार पांडेय ने बताया कि वकील की मौत अग्निकांड में हुई है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।