सोनभद्र। कोन ब्लॉक के सलैयाडीह गांव में रविवार को करमा पूजन के साथ आदिवासी-मूल निवासी एकता समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासियों, दलितों और मूल निवासियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया गया। सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अधिवक्ता रोशन लाल यादव ने कहा कि आदिवासियों, दलितों और मूल निवासियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए संगठन बड़े आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने सोनांचल के लोगों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय कल-कारखानों में संविदा श्रमिकों के रूप में आदिवासियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों और विकास कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए। यादव ने कहा कि संगठन आगामी विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की चारों सीटों पर अपने चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ेगा। उन्होंने मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर भी सवाल उठाया और इसे लेकर विरोध की बात कही। कार्यक्रम में आयोजक चंद्र देव चेरो, शंकर गोंड, बलवंत यादव, अन्नू खान, दशमी चेरो, रामदुलार गोंड, रजवंती चेरो, सिताबी गोंड, सलमान और विकास मिश्रा आदि मौजूद रहे। संचालन पड़रछ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरेश यादव ने किया।