ओबरा। खैरटिया गांव में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति के निकट अपना दल एस के जिला उपाध्यक्ष पंचायत प्रकोष्ठ शिवदत्त दुबे के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। गांव में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की मांग की गई। शिवदत्त दुबे ने बताया कि बिल्ली मारकुंडी में हर घर नल पेयजल योजना ना होना अति दुर्भाग्यपूर्ण है। खैरटिया टोला एक आदिवासी टोला है, जिसमें अधिकांश जनसंख्या आदिवासी वर्ग की है। इसका लगभग आधा एरिया बालू से भरा हुआ है, जहां बोरिंग संभव ही नहीं है। ग्रामीण फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। बीडीसी सदस्य प्रतिनिधि मंगरु गुप्ता ने बताया कि खैरटिया की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए नल से पानी की सप्लाई जरुरी है। बताया कि आसपास केगांवों को पाइप लाइन से जोड़ा गया, लेकिन खैरटिया को छोड़ दिया गया। पूर्व बीडीसी सदस्य अमरनाथ ने बताया कि 2017 में पाइप लाइन से नल की सप्लाई के लिए पूरे खैरटिया का सर्वे किया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्य नहीं किया गया। दिनेश भारती ने बताया कि बिल्ली मारकुंडी सबसे ज्यादा राजस्व देता है। फिर भी लोगों की दशा अत्यंत दयनीय है। कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। इस दौरान कमल भारती, सत्य प्रकाश पटेल, मोती चेरो, मंगरु चेरो, सुरेश केसरी, राम निहोर, नारद, मनीष गुप्ता, राहुल जायसवाल, कमली देवी, ममता, ददिया, गुलाबी, कलावती, मंगली देवी, चंपा, सीता, उषा, सुनीता, सुनैना आदि रहे।