कद से बड़ा रिश्ता: सोनभद्र में हुई अनूठी शादी, साढ़े तीन फीट की दुल्हन, सवा तीन फीट का दूल्हा; मिला सबका आशीष
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से छोटे कद के युवक और युवती की अनोखी शादी का मामला सामने आया है। यह जिले में चर्चा का भी विषय बना हुआ है। गांव के लोगों ने नवदांपत्य को अपना ढेर सारा आशीर्वाद दिया।
विस्तार
Unique Marriage in Sonbhadra: सोनभद्र के ग्राम पंचायत ऊंचडीह में एक अनोखी और प्रेरणादायक शादी संपन्न हुई, जिसने पूरे गांव को भावविभोर कर दिया। दिव्यांग (छोटा कद) लवकुश भारती और सरिता की शादी ने न केवल समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोर दिया।
लवकुश भारती, पुत्र नागेश्वर प्रसाद, ग्राम पंचायत ऊंचडीह (रॉबर्ट्सगंज) का निवासी और जन्म से ही दिव्यांग है। लगभग 27 वर्षीय लवकुश ने सरिता, पुत्री इंद्रावती देवी एवं हीरालाल, निवासी ग्राम मोराही (पनौली) के साथ सात फेरे लेकर एक नई शुरुआत की।
शादी समारोह में ग्राम प्रधान अर्चना तिवारी एवं उनके प्रतिनिधि अनुपम तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
ग्राम प्रधान ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ इस जोड़े को प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाएगा। गांव में इस शादी को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह जोड़ा 36 का 36 गुण मिलाकर बना है, और दोनों एक-दूसरे के लिए परिपूर्ण हैं। शादी में ग्रामीणों का हुजूम उमड़ा और सभी ने इस प्रेरणादायक जोड़े को दिल से आशीर्वाद दिया। इस विवाह ने समाज में एक मिसाल कायम की है कि सच्चा प्रेम और समर्पण किसी भी शारीरिक कमी से ऊपर होता है।