सोनभद्र: विद्युत करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, खंभे में तार जोड़ते समय हुई घटना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव के जमतीडांड़ टोले में रविवार की शाम हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें लेकर म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किरबिल गांव के जमतीडांड़ टोले में रविवार की शाम हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से राकेश (17) पुत्र विद्याशंकर, सुखडा, थाना विंढमगंज व संदीप (25) पुत्र कृष्णानंद निवासी किरबिल की मौत हो गई। घटना के वक्त दोनों युवक अपने घर के लिए तार जोड़ रहे थे।
इस दौरान वे 11 हजार विद्युत क्षमता के खंभे में तार बांधते हुए ले जाने का प्रयास कर रहे थे। एक युवक खंभे पर चढ़ा था, जबकि दूसरा नीचे तार पकड़ कर खड़ा था। इस दौरान खंभे पर चढ़े युवक के हाथ में पकड़े तार का हाईवोल्टेज करंट से संपर्क हो गया। देखते ही देखते नीचे मौजूद युवक भी विद्युत करंट की चपेट में आ गया। दोनों युवक हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। परिजन उन्हें लेकर म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजन युवकों को लेकर रेणुकूट स्थित हिंडाल्को चिकित्सालय गए, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी।
ग्राम प्रधान बच्चालाल प्रजापति ने बताया कि विद्युत करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि विंढमगंज निवासी युवक अपने जीजा के घर आया हुआ था,जबकि दूसरा युवक किरबिल निवासी है।
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दो युवकों की मौत होने की सूचना मिली है, लेकिन लिखित सूचना अभी तक नहीं दी गई है। लिखित सूचना मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।