सोनभद्र: बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार सगे भाइयों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
ट्रक चपेट में आने से बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को सीएचसी केकराही पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में दोनों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले में मिर्जापुर-हिंदुआरी मार्ग पर केकराही गांव में रविवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों करकी माइनर की ओर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कसया गांव निवासी भरदुल मेहता का बेटा प्रकाश (18) अपने छोटे भाई चंदन (16) के साथ मिर्जापुर-हिंदुआरी मार्ग पर करकी माइनर की तरफ जा रहा था।
केकराही स्थित बैंक के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को सीएचसी केकराही पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर दोनों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही मृतकों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतकों के परिजनों ने बताया कि दोनों भाई राबर्ट्सगंज से अपने घर वापस जा रहे थे। उधर, घटनास्थल से कुछ दूरी पर चालक ट्रक को खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में कोतवाल सुभाष राय ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सिंगरौलीः कार और टेंपो की टक्कर में चार की मौत
सोनभद्र जिले की सीमा से सटे पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के सिंगरौली में रविवार को भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे सिंगरौली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गोरबी-बरगवां मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
बड़ोखर गांव के पास गोरबी-बरगवां मार्ग पर एक स्कोडा कार और टेंपो की सीधी भिड़ंत हो गई। इसमें सोबरनिया (50) पत्नी परमसुख निवासी ग्राम बड़ोखर, सुंदरमणी केवट (35) पत्नी शुभरन केवट ग्राम देवरा चौकी तीनगुड़ी और विजय साकेत (25) पुत्र मायाराम साकेत ग्राम मझगवां थाना बरगवां की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। हादसे में घायल दिवाकर प्रसाद मिश्रा का इलाज जिला चिकित्सालय बैढ़न में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरगवां के नगर निरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बैढ़न भिजवाया। वहीं मृतकों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद लगे जाम को खुलवा कर आवागमन सुगम करा दिया गया है।
पानी भरे नाद में गिरने से मासूम की मौत
कोन थाना क्षेत्र के शिवपुर में रविवार को खेलते समय तीन साल का मासूम शिवा नाद में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शिवपुर गांव निवासी विजय पटेल के घर के बाहर मवेशियों को चारा देने के लिए रखे नाद में बारिश का पानी भरा हुआ था।
रविवार की दोपहर करीब 12 बजे विजय का तीन साल का बेटा शिवा खेलते-खेलते घर से बाहर निकल कर नाद के पास पहुंच गया। उसने नाद में चढ़ने का प्रयास किया तो उसमें गिर पड़ा। उधर आधे घंटे बाद जब परिजनों ने शिवा को नहीं देखा तो उसकी खोजबीन शुरू की। घर से बाहर निकले तो देखा कि वो नाद में गिरा पड़ा है। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।