किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर एक साल से धान के बकाया भुगतान न होने की शिकायत की है। किसानों ने बताया कि एक साल पहले एक व्यापारी को उन्होंने छह लाख आठ हजार रुपये का धान बेचा था। व्यापारी ने एक महीने में धान का भुगतान करने को कहा था लेकिन अब तक धान का बकाया भुगतान नहीं किया।
किसानों के मुताबिक घोरावल ब्लॉक के खिरीहटा गांव के किसान रामप्यारे करीब 59 क्विंटल, शिवबदन ने 15 क्विंटल, डीबर गांव के किसान शिवप्रकाश ने 40 क्विंटल, सुचित यादव ने 56 क्विंटल, गड़मा गांव के किसान राजेंद्र प्रसाद ने 50 क्विंटल, छबिनाथ ने 10 क्विंटल, नन्हई ने 22 क्विंटल, मोहन ने 20 क्विंटल, किसान चंदा देवी ने 129 क्विंटल धान राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक व्यापारी को बेचा था। किसानों ने 6,42,062 का धान व्यापारी को उधार बेचा था। इसमें किसान छविनाथ को 4000 और राजेंद्र को व्यापारी ने 30 हजार रुपये दिए हैं। शेष 6,08,062 रुपये का भुगतान किसानों का अब तक नहीं किया गया है। किसान लगातार व्यापारी के घर जाते रहे लेकिन अब तक एक साल हो गया बकाया भुगतान नहीं किया। पीड़ित किसानों ने डीएम टीके शिबू से मुलाकात कर शिकायत पत्र देकर बकाया भुगतान कराने की मांग की है।