अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अरसे से लंबित सात सूत्री मांगों को पूरा किए जाने की गुहार लगाई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की जिलाध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने मासूमों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर होकर आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्रीष्मकालीन अवकाश करने की मांग की। बताया कि शून्य से पांच साल के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र पर बुलाया जाता है। प्राथमिक विद्यालयों में इस समय अवकाश चल रहा है लेकिन आंगनबाड़ी केंद्र खुले हैं। धूप व गर्मी के कारण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। लिहाजा आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्मी की छुट्टी की जानी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सहायिका की भांति पदोन्नति करने के लिए प्रथम वरीयता देने, बाल विकास परियोजना चोपन की कार्यकर्ताओं के सात माह का बकाया मानदेय का भुगतान करने की मांग की। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फाइलेरिया कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से 10 दिन काम लिया गया जिसका भुगतान अभी तक नहीं किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पल्स पोलियो की ड्यूटी लगाई गई। ड्यूटी के उपरांत पल्स पोलियो पिलाने वाले कार्मिकों का पारिश्रमिक भुगतान नहीं कराया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में इस मौके पर उर्मिला सिंह, लक्ष्मी जयसवाल, साधना विश्वकर्मा, नीतू आदि रहे।