सोनभद्र। खाद्य तथा रसद विभाग के आयुक्त ने डीएसओ से जिले के सेक्स वर्कर्स का ब्योरा तलब किया है। आपूर्ति विभाग को 48 घंटे के भीतर सेक्स वर्कर्स का राशन कार्ड बनाकर सूचना शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को डीएसओ के पर्यवेक्षण में आपूर्ति निरीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्र में सेक्स वर्कर्स को चिह्नित करने में जुट गए हैं।
खाद्य तथा रसद विभाग के आयुक्त मनीष चौहान की ओर से डीएम और डीएसओ को भेजे गए पत्र में लिखा है कि एनएसीओ की ओर से चिह्नित किए गए सेक्स वर्कर्स को बिना परिचय पत्र मांगें खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। ऐसे सेक्स वर्कर्स को राशनकार्ड जारी करते हुए राशन दिलवाया जाए। आयुक्त के आदेश के क्रम में आपूर्ति विभाग ने देह व्यापार करने वालों को चिह्नित करने में जुट गया है। राबर्ट्सगंज, ओबरा, घोरावल और दुद्वी तहसील क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक अपने-अपने स्रोतों से सेक्स वर्कर्स का पता लगाने में जुटे हैं। इस संबंध में जिलापूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षक समेत अन्य कर्मियों के माध्यम से एनएसीओ की ओर से चिह्नित किए गए जिले में कोई सेक्स वर्कर्स रहते हैं या नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है। अभी तक कोई नहीं मिला हैं। अगर सेक्स वर्कर्स मिलेंगे तो उनका राशनकार्ड बनाते हुए राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। 26 अक्टूबर को सेक्र्स वर्कर्स के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी जाएगी।