सोनभद्र। दीपावली पर्व पर लोगों को आना-जाना शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को धनतेरस पर्व पर जिले से होकर गुजरने वाली रोडवेज की बसों में यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। सफर के दौरान अधिकांश यात्री फेस मास्क नहीं लगाए हुए थे। परिचालकों के टोकने पर उलझ जा रहे थे।
प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग को दीपावली समेत अन्य पर्वों को देखते हुए सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराते हुए बसों में यात्रियों को सफर कराने का निर्देश जारी किया है। सोनभद्र रोडवेज डिपो के इंचार्ज आरके सिंह ने बताया कि सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराते हुए यात्रियों को बसों में चढ़ाया और बैठाया जा रहा है। वर्तमान में सोनभद्र डिपो की करीब 46 बसें, काशी की 16, विंध्यनगर की 40, मिर्जापुर की 16, जीरो रोड डिपो की 8 और चंदौली डिपो की तीन बसें जिले से होकर विभिन्न जिलों के लिए जाती हैं। उन्होंने बताया कि परिचालक यात्रियों को मुंह ढंकने के लिए कहते है तो वे विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जानी चाहिए।