सोनभद्र। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक किसान सम्मान निधि का दो-दो हजार रुपये शनिवार को जिले के 1.89 लाख किसानों के बैंक खाते में भेजा गया। भारत सरकार की ओर से शीघ्र ही शेष किसानों के खातों में सम्मान निधि भेज दी जाएगी। योजना शुरू होने से अब तक की यह दसवीं किस्त है।
कृषि उप निदेशक डीके गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को वर्ष भर में छह हजार रुपये, दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में दी जाती है। इस योजना के तहत जिले में कुल दो लाख नौ हजार किसानों का पंजीकरण हुआ है। इसमें 1.96 हजार किसानों के बैंक खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशि जाती है। उन्होंने बताया कि एक जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है। जिले के कुल एक लाख 89 हजार 425 किसानों को सम्मान निधि की दो-दो हजार रुपये की किस्त मिली है। सभी किसानों का मिलाकर कुल करीब 37 करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपये खाते में जारी किया गया है। कृषि उप निदेशक ने बताया कि जो किसान ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं, वे समय से ई-केवाईसी जरूर करा लें। अन्यथा सम्मान निधि की किस्तें नहीं मिल पाएगी। बताया कि सम्मान निधि के लिए ई-केवाईसी कराना शासन की तरफ से अनिवार्य किया गया है।