हादसाः सड़क किनारे सो रहे ट्रक चालक को बेकाबू वाहन ने रौंदा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
मृतक यूपी के मैनपुरी जिले का निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना घरवालों को दे दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले की सीमा से सटे झारखंड के बंशीधरनगर के पास रविवार रात ट्रक खड़ा कर सड़क किनारे सो रहे चालक को अज्ञात वाहन रौंदते हुए फरार हो गया। ट्रक चालक की चीख सुनकर जब लोग पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक यूपी के मैनपुरी जिले का निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना घरवालों को दे दी गई है।
ट्रक पर मौजूद खलासी मैनपुरी जिले के अधुआ गांव निवासी हरिश्चंद्र के मुताबिक वह मैनपुरी के ही रिसौली गांव निवासी चालक योगराज (38) के साथ दिल्ली से माल लेकर जाजपुर जा रहे थे। गाड़ी खराब होने पर आरटीओ बैरियर के पास सुरक्षित स्थान देखकर चालक ने ट्रक खड़ा किया।
मालिक को इसकी जानकारी देने के लिए फोन मिलाया गया, लेकिन रात्रि में फोन नहीं उठा तो दोनों ने वहीं रात्रि विश्राम का निर्णय लिया। हरिश्चंद्र ट्रक के केबिन में सो गया, जबकि योगराज ट्रक के बगल में चटाई बिछाकर सड़क पर लेट गया। रात्रि करीब दो बजे योगराज की चीख सुनकर उसकी नींद खुली तो देखा कि योगराज को किसी वाहन ने रौंद दिया है। उसका शरीर बुरी तरह जख्मी था।
अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सुबह घटनास्थल पर बंशीधरनगर थाने की पुलिस पहुंची। छानबीन के बाद शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि मृतक के घरवालों और ट्रक मालिक को घटना की सूचना दी गई है। उनके आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।