सोनभद्र। जिला प्रशासन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अपर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के एसडीएम सेे मतदान केंद्रों पर पेयजल, रोशनी आदि की व्यवस्था के संबंध में रिपोर्ट तलब किया है। उपजिलाधिकारियों द्वारा लेखपाल समितियों के माध्यम से मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं के संबंध में रिपोर्ट तैयार कराने में जुट गए। आगामी वर्ष होने वाले विधान सभा चुनावों के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए अभी से तैयारियां करने का निर्देश दिया है। आयोग के निर्देश पर डीएम ने जिले के सभी एसडीएम को आयोग के मानक को पूरा कराने के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसमें मतदान केंद्रों पर वोटरों की संख्या, पेयजल की व्यवस्था, रोशनी, फर्नीचर आदि के हाल को दर्शाना है। आदेश का अनुपालन कराने में एसडीएम जुट गए है। बता दें कि 15 जनवरी 2021 तक घोरावल विधान सभा में तीन लाख 79 हजार 532 मतदाता है, जिसमें दो लाख दो हजार 706 पुरूष और एक लाख 76 हजार 815 महिला मतदाता है। इसी तरह से राबट्र्सगंज विस क्षेत्र में तीन लाख 33 हजार 06 वोटर है, इनमें एक लाख 78 हजार 540 पुरूष और एक लाख 54 हजार 461 महिला मतदाता शामिल है। ओबरा में तीन लाख 20 हजार 931 वोटरों में एक लाख 74 हजार 907 पुरूष और एक लाख 46 हजार 135 महिला वोटर और दुद्वी विधान सभा क्षेत्र में तीन लाख 18 हजार 965 मतदाता है, जिसमें एक लाख 70 हजार 821 पुरूष और एक लाख 48 हजार 134 महिला मतदाता है। मतदाताओं का रंगीन वोटर आईडी स्पीड पोस्ट के जरिए सीधे उनके घर पर पहुंचवाया जा रहा है।